राष्ट्रीय

PM मोदी आज 553 अमृत भारत रेल स्टेशनों की रखेंगे नींव, आधुनिक सुविधाओं से होंगे लैस

मोदी सोमवार को अमृत भारत योजना के तहत देश के 27 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 553 रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास की नींव रखेंगे। इन पर करीब 19 हजार करोड़ रुपये की लागत आएगी।

अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री इस दौरान 24 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों में करीब 1,500 सड़कों पर ओवरब्रिज तथा अंडरब्रिज की नींव भी रखेंगे। इन पर करीब साढ़े 21 हजार करोड़ रुपये खर्च होंगे। यह समारोह 2,000 से अधिक रेलवे स्टेशन और कार्यक्रम स्थलों पर आनलाइन आयोजित किया जाएगा।

पीएम वीडियो कांफ्रेंस के जरिए इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि मोदी उत्तर प्रदेश में गोमती नगर स्टेशन (लखनऊ) का भी उद्घाटन करेंगे जिसे करीब 385 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकसित किया गया है। बयान में कहा गया कि अमृत भारत योजना के तहत बनने वाले स्टेशन ‘सिटी सेंटर’ के रूप में काम करेंगे और तमाम आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे।

इसमें कहा गया है कि ये स्टेशन पर्यावरण और दिव्यांग अनुकूल बनाए जाएंगे और इन इमारतों का डिजाइन स्थानीय संस्कृति, विरासत और वास्तुकला से प्रेरित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *