उत्तराखंड

Rishikesh : हरिद्वार, रुड़की और नरेंद्रनगर के दूरस्थ क्षेत्रों में शुरू होगी ड्रोन मेडिकल सेवा

एक सप्ताह के भीतर हरिद्वार और रुड़की के दूरस्थ क्षेत्रों में ड्रोन के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी। एम्स की नियमित ड्रोन मेडिकल सेवा इन दोनों क्षेत्रों के लिए शुरू की जा रही हैं। इसके लिए एम्स प्रशासन ने सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं।
एम्स ऋषिकेश राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों में ड्रोन के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रहा है। जिसके लिए बीते फरवरी से नियमित ड्रोन मेडिकल सेवा शुरू की गई है।

ड्रोन के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्र में दवाइयां और ब्लड कंपोनेंट भेजे जा रहे हैं। उक्त सेवा को शुरू करने से पहले एम्स में कई ट्रायल किए। ट्रायल सफल रहने के बाद यह सेवा नियमित शुरू की गई है। अब एम्स प्रशासन नरेंद्र नगर, हरिद्वार और रुड़की के लिए भी यह सेवा शुरू करने जा रहा है।

हरिद्वार में इस सेवा के लिए रामकृष्ण मिशन के साथ अनुबंध किया गया है। जबकि रुड़की में उपजिला चिकित्सालय के साथ मिलकर यह सेवा संचालित की जाएगी। वहीं, नरेंद्र नगर में सीएचसी में यह सेवा संचालित की जाएगी। एम्स प्रशासन का कहना है कि इसके लिए रूट प्लान भी तैयार कर लिया गया है। एक सप्ताह के भीतर उक्त सभी स्थानों पर यह सेवा शुरू कर दी जाएगी। एम्स ऋषिकेश मेडिकल ड्रोन सेवा नियमित शुरू करने वाला देश का पहला चिकित्सा संस्थान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *