उत्तर प्रदेश

UP : सहारनपुर में आज चुनावी शंखनाद करेंगे PM मोदी, सुबह साढ़े 10 बजे आएंगे

लोकसभा चुनाव के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को सहारनपुर की धरती से चुनावी शंखनाद करेंगे। राधा स्वामी सत्संग मैदान में होने वाली रैली को लेकर भाजपाइयों ने एड़ी-चोटी तक जोर लगा रखा है। रैली में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी मंच साझा करेंगे। रैली इसलिए भी खास है कि रालोद सुप्रीमो जयंत चौधरी भी लंबे समय बाद प्रधानमंत्री के साथ मंच पर दिखेंगे। इसके अलावा एनडीए के सहयोगी दलों के नेता भी रैली का हिस्सा होंगे।

प्रधानमंत्री की रैली दिल्ली रोड स्थित राधा स्वामी सत्संग मैदान में सुबह साढ़े 10 बजे होगी। इसके लिए सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। भाजपाई खेमे का दावा है कि रैली में बड़ी तादाद में भीड़ जुटेगी। आयोजन स्थल के सामने सड़क के दूसरी तरफ प्रधानमंत्री का हेलीपैड बनाया गया है, जबकि मुख्यमंत्रियों और अन्य वीवीआईपी के हेलीपैड अलग-अलग स्थानों पर बनाए गए हैं। रैली के माध्यम से प्रधानमंत्री सहारनपुर लोकसभा के लिए कैराना लोकसभा के मतदाताओं को भी साधने का काम करेंगे। सहारनपुर लोकसभा सीट मुस्लिम बाहुल्य होने के कारण मुस्लिम मतदाताओं पर भी विशेष फोकस रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *