UTU पेपर लीक कांड: दोषी शिक्षक बर्खास्त, अब होगी एफआईआर; व्हाट्सएप और पोर्टल से छात्रों तक पहुंचाए थे प्रश्नपत्र

उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की जांच में सहायक प्रोफेसर आशीष कुमार गुप्ता दोषी पाए गए। कॉलेज ने तत्काल प्रभाव से सेवा समाप्त की, विश्वविद्यालय अब कानूनी कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी में है।उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (UTU) के सेमेस्टर परीक्षा पेपर लीक मामले में दोषी पाए गए सहायक प्रोफेसर आशीष कुमार गुप्ता को कॉलेज प्रशासन ने बर्खास्त कर दिया है। विश्वविद्यालय की जांच में सामने आया कि उन्होंने Machine Learning for Internet of Things और Electromagnetic Field Theory विषयों के प्रश्नपत्र परीक्षा से पहले आंतरिक पोर्टल और व्हाट्सएप के माध्यम से छात्रों तक पहुंचाए थे।
दोनों परीक्षाएं रद्द कर दी गई हैं और अब अगस्त के तीसरे सप्ताह में दोबारा आयोजित होंगी। विश्वविद्यालय ने शिक्षक पर 7 वर्षों तक परीक्षा संबंधी सभी गतिविधियों में प्रतिबंध लगाने के साथ अब उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी भी शुरू कर दी है।
वहीं, इस मामले के विरोध में एनएसयूआई ने विश्वविद्यालय परिसर में प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने का ऐलान किया है। छात्रों ने निष्पक्ष जांच, दोषियों पर सख्त कार्रवाई और छात्रों के भविष्य की सुरक्षा की मांग की है।
