क्राइमदिल्ली

VIP गेट से घुसपैठ: दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा में सेंध, कार सवार तीन लोग हिरासत में

दिल्ली विधानसभा में सोमवार को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर चूक का मामला सामने आया। उत्तर प्रदेश नंबर की एक सफेद कार ने गेट नंबर-2 पर लगे बैरियर को तोड़ते हुए सीधे परिसर में प्रवेश कर लिया। अधिकारियों के अनुसार, कार से एक नकाबपोश व्यक्ति उतरा, जिसने परिसर में एक गुलदस्ता रखा और तुरंत वापस लौट गया।

बताया जा रहा है कि यह घटना दोपहर करीब 2 बजे की है। कार विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता के कार्यालय की ओर बढ़ी और पोर्च के पास फूलों का गुलदस्ता रखने के बाद वापस निकल गई। उस समय वीआईपी गेट पर सीआरपीएफ के जवान तैनात थे, हालांकि जांच के दौरान कोई संदिग्ध या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली।

घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कार चालक सहित तीन लोगों को हिरासत में ले लिया। उत्तर जिला पुलिस ने रूपनगर इलाके में पिकेट के दौरान वाहन को जब्त किया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आरोपी चालक उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के पूरनपुर का निवासी है।

इस घटना के बाद विधानसभा की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। खासतौर पर हाल ही में बजट सत्र के दौरान मिले बम धमकी भरे संदेशों के बाद इस तरह की घटना ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। अधिकारी इसे एक संभावित सुरक्षा उल्लंघन के तौर पर देख रहे हैं और मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *