उत्तराखंड

Weather: उत्तरकाशी, पिथौरागढ़ और चमोली में होगी बर्फबारी ,अन्य जिलों में येलो अलर्ट जारी

उत्तराखंड के उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में 3000 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई पर हल्की बर्फबारी होगी। बर्फबारी से आसपास के क्षेत्रों के तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। वहीं अन्य जिलों में पाला पड़ने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। 26 और 27 फरवरी को मौसम बिगड़ा रहेगा और कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने की चेतावनी दी गई है।

शनिवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 23.8 और न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस, पंतनगर का तापमान 25.3 और न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस और मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान 11.4 न्यूनतम तापमान माईनस 1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नई टिहरी में अधिकतम तापमान 13.0 और न्यूनतम तापमान 1.8 डिग्री सेल्सियस, पिथौरागढ़ में अधिकतम तापमान 16.1 और न्यूनतम तापमान 1.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।शनिवार को पहाड़ों में काफी बर्फबारी हुई। गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में शनिवार को दोपहर के बाद से लगातार बर्फबारी होती रही। हर्षिल घाटी सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी खूब बर्फबारी हुई है। जबकि निचले इलाकों में बूंदाबांदी हुई। यमुनोत्री धाम के साथ ही खरसाली गांव जानकी चट्टी, नारायण पुरी, फूलचट्टी क्षेत्र में हिमपात हुआ। उधर पिथौरागढ़ में भी बर्फबारी के चलते बंद हुआ तवाघाट-लिपुलेख राजमार्ग खोला नहीं जा सका। यह राजमार्ग भारत चीन सीमा को जोड़ता है। सड़क सीमा संगठन की टीम राजमार्ग से बर्फ हटाने के काम में जुटी हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक विक्रम सिंह के अनुसार रविवार से अगले दो-तीन दिन बर्फबारी का क्रम तेज हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *