उत्तराखंड का मौसम बिगड़ा: आज भारी बारिश, बर्फबारी और तूफान का ऑरेंज अलर्ट

उत्तराखंड में मौसम का मिजाज फिलहाल बिगड़ा हुआ है। शुक्रवार को पर्वतीय क्षेत्रों के कई हिस्सों में भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है। साथ ही 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मैदानी इलाकों में भी तेज बारिश के साथ आंधी-तूफान के आसार बने हुए हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार देहरादून, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश, बर्फबारी और तूफान को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं राज्य के अन्य जिलों में भी तेज बारिश और तूफान की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट घोषित किया गया है।
आने वाले दिनों में भी मौसम के ऐसे ही बने रहने के संकेत हैं। अनुमान है कि 25 मार्च तक पूरे प्रदेश में बारिश, बर्फबारी और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है।
