उत्तराखंड दौरे पर सीएम योगी आदित्यनाथ, सुबह गांव भ्रमण के दौरान स्कूल पहुंचे, बच्चों ने किया अभिनंदन

उत्तराखंड प्रवास के दौरान अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे गांव भ्रमण पर निकले। उनके भ्रमण की सूचना मिलते ही गांव में उत्साह का माहौल बन गया। ग्रामीणों के साथ-साथ बच्चे भी अपने घरों से बाहर निकल आए और सड़क के दोनों ओर पंक्तिबद्ध होकर मुख्यमंत्री का इंतजार करने लगे।
गांव में घूमते हुए योगी आदित्यनाथ ने बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। बच्चों और युवाओं ने आदरपूर्वक उनके पैर छुए, जबकि वरिष्ठ ग्रामीणों को मुख्यमंत्री ने हाथ जोड़कर अभिवादन किया। इस दौरान वे बच्चों से बातचीत करते और उनका उत्साह बढ़ाते नजर आए।
पैंया गांव से अपनी बुआ की बेटी के विवाह समारोह में पहुंचे प्रिशा बेलवाल, शिवन्या बेलवाल, शौर्य बेलवाल, भाविक बेलवाल, आरित बेलवाल और आकर्ष बेलवाल ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पहली बार इतने करीब से देखा। मुख्यमंत्री ने स्वयं आगे बढ़कर बच्चों के साथ फोटो भी खिंचवाई, जिससे बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला।
बच्चों के साथ मुख्यमंत्री के सहज और स्नेहपूर्ण व्यवहार को देखकर अभिभावक विनोद बेलवाल, अनिल बेलवाल, सुशील बेलवाल, सुनील, शशि, धीरज और नीरज ने कहा कि उन्हें विश्वास नहीं था कि वे कभी इतनी नजदीक से मुख्यमंत्री से मिल पाएंगे। उन्होंने भी योगी आदित्यनाथ के साथ तस्वीरें खिंचवाईं।
इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यमकेश्वर स्थित जनता इंटर कॉलेज के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी अपराह्न करीब सवा तीन बजे यमकेश्वर हेलिपैड पहुंचे, जहां जनप्रतिनिधियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इसके बाद वे हेलिपैड से कुछ दूरी पर स्थित यमकेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे और करीब दस मिनट तक पूजा-अर्चना की।
दोपहर 3:34 बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ जनता इंटर कॉलेज यमकेश्वर पहुंचे, जहां उन्होंने नवनिर्मित विद्यालय भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर योगी आदित्यनाथ ने कहा कि छात्रों को अब एक भव्य और सुविधाजनक भवन उपलब्ध हुआ है तथा आगामी एक माह के भीतर फर्नीचर सहित सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध करा दी जाएंगी।
