कोटद्वार बाबा विवाद में बड़ा मोड़: मोहम्मद दीपक को जान से मारने की धमकी, इनाम घोषित

कोटद्वार में दुकान का नाम बदलने को लेकर हुए विवाद के बाद चर्चा में आए मोहम्मद दीपक को सोशल मीडिया के माध्यम से जान से मारने की धमकी दी गई है। धमकी देने वाले व्यक्ति ने दीपक की हत्या पर दो लाख रुपये का इनाम घोषित करने की बात भी कही है।
पीड़ित दीपक कुमार की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में आरोपी की पहचान राजा उत्कर्ष, निवासी मोतिहारी (बिहार) के रूप में सामने आई है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपी की तलाश जारी है।
इस बीच, जमीअत उलेमा-ए-हिंद उत्तराखंड ने राज्य के पुलिस महानिदेशक (DGP) को पत्र लिखकर कोटद्वार प्रकरण में दीपक कुमार को तत्काल सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है। पत्र में उल्लेख किया गया है कि 26 जनवरी को एक मुस्लिम दुकानदार पर हुए हमले के दौरान दीपक कुमार ने बीच-बचाव कर व्यापारी की जान बचाई थी।
संगठन का कहना है कि इस घटना के बाद से दीपक कुमार को लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं, जिससे उनकी सुरक्षा को लेकर गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है। पुलिस प्रशासन से मामले में सख्त कार्रवाई और सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई है।
