UttarakhandUttarakhandउत्तराखंडब्रेकिंगराज्यशिक्षा

उत्तराखंड पॉलीटेक्निक प्रवेश 2026: आज से ऑनलाइन काउंसलिंग शुरू

उत्तराखंड में तकनीकी शिक्षा हासिल करने का सपना देख रहे हजारों विद्यार्थियों के लिए बड़ी खबर है। उत्तराखंड प्राविधिक शिक्षा परिषद (यूबीटीईआर) ने शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए राज्य के राजकीय, सहायता प्राप्त और निजी पॉलीटेक्निक संस्थानों में डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु ऑनलाइन काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू कर दी है।

संयुक्त प्रवेश परीक्षा पॉलीटेक्निक (जेईपी)-2026 में रैंक प्राप्त सभी पात्र अभ्यर्थी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार काउंसलिंग में भाग ले सकेंगे। काउंसलिंग का पहला चरण 18 जून से शुरू होकर 21 जून तक चलेगा। इस दौरान अभ्यर्थियों को ऑनलाइन पंजीकरण कर अपनी पसंद के संस्थान और ब्रांच का चयन करना होगा।

परिषद द्वारा 24 जून को प्रथम चरण की सीट आवंटन सूची जारी की जाएगी। सीट मिलने के बाद अभ्यर्थियों को 25 जून से 2 जुलाई तक संबंधित संस्थान में पहुंचकर दस्तावेज सत्यापन और प्रवेश की औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी।

इसके बाद दूसरे चरण की काउंसलिंग 6 जुलाई से 8 जुलाई तक आयोजित की जाएगी। दूसरे चरण की सीट आवंटन सूची 11 जुलाई को जारी होगी, जबकि 13 से 18 जुलाई तक प्रवेश प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

दूसरे चरण में वे अभ्यर्थी भी हिस्सा ले सकेंगे जो पहले चरण में शामिल नहीं हो पाए थे या अपनी आवंटित सीट को अपग्रेड कराना चाहते हैं। परिषद ने सभी अभ्यर्थियों को समय सीमा के भीतर पंजीकरण और विकल्प भरने की सलाह दी है, ताकि उन्हें पसंदीदा संस्थान और ट्रेड में प्रवेश पाने का अवसर मिल सके।

तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में करियर बनाने की चाह रखने वाले विद्यार्थियों के लिए यह काउंसलिंग प्रक्रिया बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *