DEHRADUNUttarakhandUttarakhandउत्तराखंडक्राइमब्रेकिंगराज्य

जिंदगी और मौत से जूझ रही छात्रा, पिता ने जताई हत्या के प्रयास की आशंका

देहरादून के राजेश्वर नगर स्थित एक छात्रावास में हुई एक रहस्यमयी घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। छात्रावास में रहने वाली एक छात्रा संदिग्ध परिस्थितियों में तीसरी मंजिल की बालकनी से नीचे गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। फिलहाल छात्रा अस्पताल के न्यूरो आईसीयू में भर्ती है और उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

मामले में छात्रा के पिता ने हत्या के प्रयास की आशंका जताते हुए हॉस्टल में रहने वाली चार छात्राओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

आगरा निवासी राहुल भगौर के अनुसार उनकी पुत्री डेलिशा भगौर देहरादून के एक प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान में अध्ययनरत है और राजेश्वर नगर स्थित स्काईलाइन अपार्टमेंट फेज-1 के छात्रावास में रहती है। उन्होंने बताया कि चार जून की देर रात करीब 12:30 से 1:00 बजे के बीच उन्हें सूचना मिली कि उनकी बेटी तीसरी मंजिल की बालकनी से नीचे गिर गई है।

गंभीर चोट लगने के बाद डेलिशा को तत्काल मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। परिजनों का आरोप है कि घटना महज दुर्घटना नहीं बल्कि साजिश भी हो सकती है। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच की जा रही है। हॉस्टल के अन्य छात्रों और कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है।

अब सभी की नजर पुलिस जांच पर टिकी है, जो इस रहस्यमयी घटना की असली वजह सामने ला सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *