टोकन सिस्टम के साथ केदारनाथ और बदरीनाथ धाम, चार धाम यात्रियों को होंगे व्यवस्थित दर्शन

अगले महीने से शुरू हो रही चारधाम यात्रा में केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में इस साल भी श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए टोकन सिस्टम लागू रहेगा। पर्यटन और जिला प्रशासन ने यह व्यवस्था पिछले साल शुरू की थी, लेकिन अधिक भीड़ के चलते तब यह पूरी तरह कारगर नहीं साबित हुई थी।
पर्यटन विभाग ने वैष्णों देवी और देश के अन्य बड़े मंदिरों की तर्ज पर दोनों धामों में टोकन व्यवस्था लागू की है, ताकि श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए लंबी लाइनों में खड़ा न होना पड़े। इस व्यवस्था के तहत यात्रा पंजीकरण के समय श्रद्धालुओं को टोकन नंबर दिया जाएगा, जिसमें दर्शन का निर्धारित समय भी शामिल होगा।
हालांकि, शुरुआत में टोकन मिलने के बाद भी श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए कुछ समय लाइन में इंतजार करना पड़ता था। प्रशासन का उद्देश्य इस बार व्यवस्था को और अधिक सुचारू बनाकर श्रद्धालुओं के लिए सुगम दर्शन सुनिश्चित करना है।
