ईरान पर नरमी के संकेत, ट्रंप बोले- 5 दिन तक नहीं होगा कोई अटैक

अमेरिका और ईरान के बीच पिछले 24 दिनों से जारी तनाव और संघर्ष के बीच अब हालात में नरमी के संकेत मिलने लगे हैं। इसी कड़ी में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा बयान दिया है, जिससे इस जंग के रुकने की उम्मीद जताई जा रही है।
सोमवार को ट्रुथ सोशल पर साझा किए गए अपने पोस्ट में ट्रंप ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच हाल के दिनों में काफी सकारात्मक और सार्थक बातचीत हुई है। उन्होंने बताया कि इन बातचीतों को देखते हुए उन्होंने सेना को निर्देश दिया है कि ईरान के पावर प्लांट्स और ऊर्जा ढांचे पर किसी भी संभावित सैन्य कार्रवाई को फिलहाल टाल दिया जाए।
ट्रंप के मुताबिक, बीते दो दिनों में दोनों देशों के बीच मध्य पूर्व में जारी दुश्मनी को खत्म करने को लेकर गंभीर और विस्तृत चर्चा हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि बातचीत का माहौल काफी रचनात्मक रहा है और यह सिलसिला पूरे हफ्ते जारी रहने की संभावना है।
इसी को ध्यान में रखते हुए उन्होंने रक्षा विभाग को आदेश दिया है कि ईरान के बिजली संयंत्रों और ऊर्जा से जुड़े ठिकानों पर अगले पांच दिनों तक कोई हमला न किया जाए।
हालांकि, ट्रंप ने यह भी स्पष्ट किया कि यह फैसला आगे होने वाली बैठकों और बातचीत की सफलता पर निर्भर करेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर और सकारात्मक प्रगति देखने को मिल सकती है।
