देहरादून मर्डर केस का खुलासा: ₹2,500 के विवाद में नौकर ने की बुजुर्ग मालकिन की हत्या, ₹65 हजार में बेच दिया सोने का कड़ा

देहरादून। चंदर रोड स्थित एमडीडीए कॉलोनी में 72 वर्षीय रेखा बंसल की हत्या के मामले का पुलिस ने महज 12 घंटे में खुलासा कर दिया। मामले में गिरफ्तार आरोपी कोई बाहरी व्यक्ति नहीं, बल्कि परिवार का परिचित और लंबे समय से रेखा बंसल के पति दिनेश बंसल की दुकान पर काम करने वाला विनीत कुमार निकला।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी विनीत का रेखा बंसल के साथ ₹2,500 रुपये को लेकर विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने कथित तौर पर बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी। इसके बाद उसने वारदात को लूट का रूप देने की कोशिश की और महिला के हाथ से सोने का कड़ा उतारकर अपने साथ ले गया।
हत्या के बाद आरोपी ने अपनी पहचान छिपाने के लिए कपड़े बदल लिए। इसके बाद उसने लूटे गए सोने के कड़े को एक ज्वेलर के पास करीब ₹65 हजार रुपये में बेच दिया। पुलिस जांच के दौरान आरोपी की गतिविधियों और घटनाक्रम से जुड़े सुराग सामने आए, जिसके आधार पर पुलिस ने विनीत कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर सोने का कड़ा भी बरामद कर लिया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी परिवार से परिचित था और मृतका के पति की दुकान पर लंबे समय से काम करता था, जिसके चलते उसे परिवार और घर की गतिविधियों की जानकारी थी।
बुजुर्ग महिला की हत्या के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने तेजी से जांच करते हुए घटनास्थल से मिले सुरागों और आरोपी से पूछताछ के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ीं। महज ₹2,500 के विवाद से शुरू हुआ मामला हत्या और लूट तक पहुंच गया।
पुलिस अब आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है और यह भी जांच की जा रही है कि वारदात में उसके अलावा किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं।
