देहरादून में हाईप्रोफाइल अवैध कैसीनो का भंडाफोड़, अमेरिकी नागरिक समेत 13 जुआरी गिरफ्तार

चार टेबलों पर चल रहा था संगठित जुए का खेल, लाखों की सामग्री और विदेशी मुद्रा बरामद
✅ सहस्रधारा रोड स्थित मकान में चल रहा था अवैध कैसीनो
✅ अमेरिकी नागरिक समेत 13 लोग रंगे हाथ गिरफ्तार
✅ 1.52 लाख रुपये नकद और 41 अमेरिकी डॉलर बरामद
✅ 167 ताश की गड्डियां, 625 डाइस और 118 गेमिंग चिप्स जब्त
✅ राजपुर पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई
देहरादून पुलिस ने सहस्रधारा रोड क्षेत्र में संचालित एक हाईप्रोफाइल अवैध कैसीनो का भंडाफोड़ करते हुए अमेरिकी नागरिक सहित 13 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। गुप्त सूचना के आधार पर राजपुर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने हेलीपैड क्षेत्र के निकट एक मकान पर छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मकान के भीतर चार अलग-अलग टेबलों पर जुआ खेल रहे 13 लोगों को रंगे हाथ पकड़ा। गिरफ्तार आरोपितों में अमेरिका के ओरेगन निवासी एक विदेशी नागरिक भी शामिल है, जो वर्तमान में देहरादून की तिब्बतन कॉलोनी में रह रहा था।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 167 ताश की गड्डियां, 625 डाइस (पासे), 118 गेमिंग चिप्स, ₹1,52,870 नकद तथा 41 अमेरिकी डॉलर बरामद किए। बरामद सामग्री से स्पष्ट है कि जुए का यह कारोबार बड़े और संगठित स्तर पर संचालित किया जा रहा था।
पुलिस अब इस नेटवर्क के संचालन, वित्तीय लेन-देन और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की गहन जांच कर रही है।
