DEHRADUNUttarakhandUttarakhandउत्तराखंडदुनियाब्रेकिंगराज्यस्पेशल

देहरादून में हाथी के हमले में महिला की मौत, सोलर फेंसिंग को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश

डोईवाला के धन्याड़ी गांव में हाथी के हमले की दर्दनाक घटना सामने आई है। दूध लेकर घर लौट रही 37 वर्षीय अंजली गुप्ता पर हाथी ने हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को इलाज के लिए देहरादून के सीएमआई अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक के साथ ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत बड़ासी ग्रांट के धन्याड़ी क्षेत्र में सोमवार शाम अंजली गुप्ता दूध लेकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान रास्ते में हाथी ने उन पर हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन देर रात उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

महिला की मौत की सूचना मिलते ही डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार धीरेंद्र पंवार समेत कई जनप्रतिनिधि अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली।

सोलर फेंसिंग को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी

घटना के बाद ग्रामीणों ने क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही हाथियों की आवाजाही और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही लगातार बनी हुई है और आबादी वाले इलाकों में वन्यजीवों से सुरक्षा के लिए लंबे समय से सोलर फेंसिंग लगाने की मांग की जा रही है।

ग्रामीणों के मुताबिक, गत 15 जनवरी को थानों में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में ग्राम प्रधान राहुल मनवाल के नेतृत्व में ग्रामीणों ने डोईवाला एसडीएम और विधायक के सामने भी सोलर फेंसिंग की मांग रखी थी। ग्रामीणों का आरोप है कि मांग के बावजूद अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो पाई।

घटना से पहले भी क्षेत्र में देखा गया था हाथी

ग्रामीणों के अनुसार, घटना से पहले दिन में सौड़ा सरोली क्षेत्र के खेतों में हाथी दिखाई दिया था। हाथी का वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने की बात सामने आई है। ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों की लगातार आवाजाही के बावजूद आबादी वाले क्षेत्रों में सुरक्षा और निगरानी के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए।

ग्राम प्रधान राहुल मनवाल ने महिला की मौत पर दुख और आक्रोश जताते हुए क्षेत्रवासियों की सुरक्षा के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। उन्होंने हाथियों की आवाजाही वाले क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और सोलर फेंसिंग का काम जल्द शुरू कराने की मांग की।

हाथी-मानव संघर्ष को लेकर बढ़ी चिंता

थानों क्षेत्र के जंगल से सटे गांवों में हाथियों की आवाजाही ग्रामीणों के लिए लगातार चिंता का विषय बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि वन्यजीवों के आबादी क्षेत्रों में आने की घटनाओं को रोकने के लिए केवल घटना के बाद कार्रवाई करने के बजाय पहले से प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था की जरूरत है।

महिला की मौत की इस घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों की आवाजाही वाले क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने, निगरानी व्यवस्था मजबूत करने और सोलर फेंसिंग लगाने की मांग की है। घटना ने क्षेत्र में बढ़ते मानव-वन्यजीव संघर्ष और ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता खड़ी कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *