बर्फ से ढका केदारनाथ धाम, तापमान माइनस 16 डिग्री, करीब पांच फीट तक जमी बर्फ

बाबा केदारनाथ की पावन नगरी में शीतकाल के दौरान प्रकृति की कठोर परिस्थितियों के बीच भी सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह मुस्तैद है। अत्यधिक ठंड और भारी बर्फबारी के बावजूद उत्तराखंड पुलिस और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के जवान केदारनाथ धाम की सुरक्षा में डटे हुए हैं। इन दिनों धाम में तापमान शून्य से नीचे गिरकर -16 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।
मंगलवार को हुई भारी बर्फबारी के बाद बुधवार को मौसम साफ होने पर जवानों ने मोर्चा संभालते हुए करीब पांच फीट तक जमी बर्फ को हटाया और बाधित हुए संपर्क मार्गों को फिर से खोल दिया। इसके साथ ही जवानों ने अपने बैरकों और आसपास के क्षेत्रों से भी बर्फ हटाकर आवश्यक सफाई कार्य किया।
केदारनाथ की दुर्गम भौगोलिक स्थिति, अत्यधिक ठंड और कम ऑक्सीजन के बावजूद सुरक्षाकर्मियों का मनोबल पूरी तरह ऊंचा है। वर्तमान में धाम में उत्तराखंड पुलिस के चार जवान और आईटीबीपी के 30 जवान तैनात हैं, जो हर परिस्थिति में बाबा केदार की नगरी की सुरक्षा सुनिश्चित कर रहे हैं।
