मसूरी जाने वाले पर्यटक सावधान! मैगी प्वाइंट के पास भूस्खलन, कैम्पटी रोड पर मकान ध्वस्त

🌧️ लगातार बारिश के बीच मसूरी में भूस्खलन का खतरा बढ़ा
मसूरी-देहरादून मुख्य मार्ग पर मैगी प्वाइंट और पानेवाले बंद के पास पुराना पुश्ता अचानक धंसकर गिर गया, जिसके चलते सड़क सिंगल लेन रह गई है। मलबा और सड़क की स्थिति को देखते हुए बड़े और भारी वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है, जबकि छोटे वाहनों को फिलहाल निकाला जा रहा है।
🏠 कैम्पटी रोड पर मकान ध्वस्त
कैम्पटी रोड पर एक मकान में गुरुवार को दरारें आने के बाद अब वह पूरी तरह भरभरा कर गिर गया। लगातार बारिश के कारण क्षेत्र में भूस्खलन और भू-कटाव का खतरा बना हुआ है।
🚧 मसूरी-चकराता NH-707A भी प्रभावित
मसूरी बैंड से करीब तीन किलोमीटर पहले कर्नल विला और डिम्टा बैंड के बीच सड़क दरकने से यातायात बाधित हुआ। वाहनों को विकासनगर-देहरादून और अगलाड़-थत्यूड़ मार्ग से डायवर्ट किया गया। एनएच की टीम ने जेसीबी की मदद से छोटे वाहनों के लिए रास्ता बहाल किया, हालांकि कमजोर मिट्टी के कारण दोबारा नुकसान की आशंका बनी हुई है।
⚠️ पर्यटकों से अपील:
बारिश के दौरान मसूरी जाने से पहले सड़क की स्थिति की जानकारी जरूर लें और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतें।
