UttarakhandUttarakhandउत्तराखंडक्राइमब्रेकिंगराज्य

रुड़की में दहेज की बलि चढ़ी विवाहिता! बेरहमी से पिटाई के बाद मौत, पति समेत 4 पर दहेज हत्या का केस

उत्तराखंड के रुड़की से दहेज उत्पीड़न का एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के सुनहरा में कथित तौर पर दहेज की मांग पूरी न होने पर एक विवाहिता की उसके ससुराल पक्ष ने बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल महिला को उपचार के लिए देहरादून के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।

तीन साल पहले हुई थी शादी

मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के हरजौली जट गांव निवासी रामकुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी साली रुमा बचपन से उनके साथ ही रहती थी और उन्होंने ही उसका पालन-पोषण किया था। करीब तीन वर्ष पहले रुमा का विवाह गांव के ही जितेंद्र से कराया गया था। शादी के बाद दंपती रुड़की के सुनहरा क्षेत्र में रहने लगे।

शादी के बाद से लगातार होता रहा उत्पीड़न

परिजनों का आरोप है कि विवाह के बाद से ही पति और उसके परिवार के अन्य सदस्य अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर रुमा को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे। कई बार समझाने के बावजूद आरोपितों का व्यवहार नहीं बदला।

दहेज की मांग का विरोध करने पर बेरहमी से हमला

तहरीर के अनुसार, 14 जुलाई को ससुराल पक्ष ने एक बार फिर दहेज की मांग की। जब रुमा ने इसका विरोध किया और मांग को गलत बताया, तो आरोप है कि पति और अन्य परिजनों ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल होने के बाद भी उसे नहीं छोड़ा गया। आरोप है कि जब उसे होश आया तो दोबारा मारपीट कर उसे फिर अचेत कर दिया गया।

बाद में परिजनों को घटना की जानकारी मिली और रुमा को गंभीर हालत में देहरादून के अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

पति समेत चार आरोपितों पर दहेज हत्या का केस

घटना के बाद मृतका के बहनोई की शिकायत पर पुलिस ने पति सहित चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *