⚠️ उत्तराखंड में अगले 3 घंटे बेहद खतरनाक! सभी 13 जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट, 4 जिलों में ऑरेंज चेतावनी

उत्तराखंड में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग ने राज्य के सभी 13 जिलों के लिए अगले तीन घंटे बेहद महत्वपूर्ण बताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं देहरादून, नैनीताल, चंपावत और बागेश्वर जिलों में भारी बारिश की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में तेज बारिश, गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज आंधी-तूफान की संभावना है। लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम खराब होने पर सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
इन जिलों में रहेगा मौसम का सबसे ज्यादा असर
अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, चंपावत, देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, पौड़ी गढ़वाल, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल, ऊधम सिंह नगर और उत्तरकाशी जिलों में कई स्थानों पर तेज बारिश के साथ बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
चारधाम यात्रा मार्ग पर बढ़ी मुश्किलें
लगातार हो रही बारिश के कारण चारधाम यात्रा मार्ग भी प्रभावित हो रहे हैं। कई स्थानों पर भूस्खलन (लैंडस्लाइड) की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे यात्रा मार्ग बार-बार बाधित हो रहे हैं। हालांकि प्रशासन की ओर से मार्ग खोलने का कार्य लगातार जारी है और यात्रा फिलहाल संचालित हो रही है।
इन क्षेत्रों में विशेष सतर्कता की जरूरत
मौसम विभाग ने बड़कोट, गंगोत्री, केदारनाथ, सोनप्रयाग, बदरीनाथ, जोशीमठ, ऋषिकेश, मसूरी, कोटद्वार, रानीखेत, मुनस्यारी, हल्द्वानी, रुद्रपुर, काशीपुर, खटीमा, चंबा और नरेंद्रनगर सहित आसपास के क्षेत्रों में तेज बारिश, गरज-चमक और आंधी-तूफान की संभावना जताई है।
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें। पर्वतीय मार्गों पर यात्रा करने वाले लोग मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी लेने के बाद ही सफर करें। चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं को भी प्रशासन और मौसम विभाग की ताजा एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी गई है।
