UncategorizedUttarakhandउत्तराखंडब्रेकिंगराज्य

साईं घाट पर स्नान बना काल, पर्यटक युवक गंगा की धारा में लापता

ऋषिकेश। उत्तराखंड के ऋषिकेश स्थित साईं घाट पर रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। गंगा में स्नान करते समय राजस्थान से घूमने आए एक युवक का संतुलन बिगड़ गया और वह तेज बहाव में बह गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि युवक के माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।

मिली जानकारी के अनुसार युवक की पहचान श्याम पुत्र सवाई जागीर निवासी चंद कॉलोनी, दीनाला नाडा, जोधपुर (राजस्थान) के रूप में हुई है। श्याम अपने माता-पिता के साथ ऋषिकेश और तपोवन घूमने आया था। इसी दौरान साईं घाट पर गंगा स्नान करते समय वह अचानक तेज धारा की चपेट में आ गया और देखते ही देखते नदी में बह गया।

घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, जल पुलिस और स्थानीय पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। एसडीआरएफ के इंस्पेक्टर कवींद्र सजवान ने बताया कि डीप डाइवर्स और रेस्क्यू कर्मियों की टीम गंगा के संभावित क्षेत्रों में लगातार तलाश कर रही है। आधुनिक उपकरणों और विशेष रेस्क्यू संसाधनों की मदद से युवक की खोज की जा रही है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

उधर, एसडीआरएफ की टीम एक अन्य लापता युवक आशीष जैन की भी तलाश कर रही है, जो 6 जून को कौड़ियाला क्षेत्र के पास गंगा में बह गया था। दोनों मामलों में बचाव दल लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहा है।

गौरतलब है कि मानसून और पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश के कारण इन दिनों गंगा का जलस्तर और बहाव बढ़ा हुआ है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील की है कि वे गंगा किनारे स्नान करते समय विशेष सावधानी बरतें और प्रतिबंधित या गहरे क्षेत्रों में जाने से बचें।

फिलहाल, श्याम की तलाश जारी है और परिजन उसकी सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *