
उमस भरी गर्मी से बेहाल दिल्ली वासियों को बुधवार को झूमकर बरसे बदरा से राहत मिली। महज तीन घंटे की बारिश में ही दिल्ली में 51.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। दिल्ली के आधिकारिक मानक केंद्र सफदरजंग पर सुबह नौ बजे से लेकर साढ़े पांच बजे तक 52.4 मिमी बारिश का रिकॉर्ड है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मानसूनी गर्त इस समय उत्तर भारत में पहुंच गई है। ऐसे में अगले चार से पांच दिनों तक पंजाब, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, दिल्ली-एनसीआर, बिहार व झारखंड तक अच्छी बारिश के आसार हैं। उधर, तीन घंटे की तेज बारिश से सात फ्लाइट डायवर्ट करनी पड़ी। वहीं, 11 जगहों पर जल जमाव के साथ पांच जगहों पर पेड़ गिरने से सड़कों पर जाम लगा।
मौसम विभाग ने एक दिन पहले बुधवार को बारिश की संभावना जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया था। हालांकि, दोपहर तक यह अलर्ट यलो से ऑरेंज कर दिया गया था। सुबह से ही दिल्ली में तेज धूप निकली रही और उमस से लोग बेहाल रहे। दोपहर एक बजे करीब मौसम ने एकाएक करवट ली और आसमान में काली घटा छा गई।
कुछ पलों में ही बादलों ने तेज गर्जना के साथ बरसना शुरू किया और करीब 40 मिनट तक लगातार बारिश रिकॉर्ड की गई। लगातार तेज बारिश होने की वजह से उमस और गर्मी से लोगों ने राहत की सांस ली। शाम तीन बजे करीब बारिश की फुहारे कम होना शुरू हई, जिसके बाद भी मौसम नहीं खुला और देर शाम तक बारिश की हल्की फुहारों का दौर जारी रहा।
सामान्य से चार अधिक 35.1 डिग्री सेल्सियस रहा अधिकतम तापमान
मौसम विभाग के मुताबिक, बीते 24 घंटे में अधिकतम तापमान सामान्य के बराबर 35.1 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से एक अधिक 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा की रफ्तार मध्यम रही व नमी का स्तर 69 से 100 फीसदी तक रहा। सुबह से ही वातावरण में उमस अधिक होने के कारण चिपचिपी गर्मी से लोग परेशान थे। हालांकि, बारिश की वजह से उमस भरी गर्मी का सितम खत्म हुआ।