Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home1/theindi2/public_html/wp-includes/functions.php on line 6131
नए साल पर उत्तराखंड में बारिश-बर्फबारी की संभावना, मौसम बदलेगा मिजाज - The Indian Exposure

नए साल पर उत्तराखंड में बारिश-बर्फबारी की संभावना, मौसम बदलेगा मिजाज

उत्तराखंड में बीते कई दिनों से मौसम शुष्क बना हुआ है। मैदानी क्षेत्रों में घना कोहरा छाए रहने से तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे शीतलहर का असर और तेज हो गया है। वहीं, पर्वतीय इलाकों में दिनभर खिली चटख धूप लोगों को ठंड से कुछ राहत दे रही है।

मौसम विभाग के अनुसार, आज से राज्य के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। नए साल से पहले पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की वर्षा और बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है, जबकि मैदानी इलाकों में कोहरे का असर बना रह सकता है।

दून में सुबह कोहरा, शाम को बढ़ी ठंड
राजधानी देहरादून में सोमवार सुबह धुंध और कोहरे के कारण दृश्यता कम रही, जिससे धूप के दर्शन देर से हुए। दिन में तेज धूप खिलने से कुछ राहत मिली, लेकिन शाम होते ही आंशिक बादल छा गए और सर्द हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी। रात के समय दून समेत आसपास के क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड महसूस की गई।

मैदानी जिलों में तापमान सामान्य से नीचे
ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार जिलों के अधिकांश क्षेत्रों में सुबह और शाम घना कोहरा छाने से तापमान सामान्य से चार से छह डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया जा रहा है। इसके विपरीत, पर्वतीय इलाकों में लगातार धूप खिलने से अधिकतम तापमान मैदानी शहरों की तुलना में अधिक बना हुआ है।

मैदानी क्षेत्रों में घने कोहरे के कारण रेल और हवाई सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं। देहरादून एयरपोर्ट पर सोमवार को आने वाली करीब 10 उड़ानें निर्धारित समय से देरी से पहुंचीं, जबकि कई ट्रेनों के समय में भी बदलाव हुआ।

पर्वतीय जिलों में हल्की वर्षा-बर्फबारी की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ जिलों में आज से कहीं-कहीं बहुत हल्की वर्षा और बर्फबारी हो सकती है। बर्फबारी की संभावना 3200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जताई गई है। राज्य के शेष जनपदों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है, जबकि अधिकांश मैदानी इलाकों में मध्यम से घना कोहरा छाया रह सकता है।

तापमान (डिग्री सेल्सियस में):

  • देहरादून: अधिकतम 17.4 | न्यूनतम 7.8
  • ऊधमसिंह नगर: अधिकतम 14.0 | न्यूनतम 10.7
  • मुक्तेश्वर: अधिकतम 19.5 | न्यूनतम 6.2
  • नई टिहरी: अधिकतम 17.6 | न्यूनतम 5.7

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home1/theindi2/public_html/wp-includes/functions.php on line 5481