
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अपने दक्षिण विस्तार के अभियान को तेजी दे रही है। इसी अभियान को गति देने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और धर्मेंद्र प्रधान रविवार रात भुवनेश्वर पहुंचे। उनके स्वागत के लिए भुवनेश्वर एयरपोर्ट के बाहर भारी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हुई। केंद्रीय गृह मंत्री बनने के बाद पहली बार अमित शाह भुवनेश्वर दौरे पर आए हैं। अमित शाह आखिरी बार 2019 के चुनाव के दौरान ओडिशा पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने भुवनेश्वर में एक जनसभा को संबोधित किया था। केंद्रीय गृह मंत्री सोमवार को ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के साथ कई कार्यक्रम में शामिल होंगे।
भुवनेश्वर और कटक की दीवारें शाह के पोस्टर, बैनर और तख्तियों से पटी हुई हैं। अमित शाह यहां ‘श्रावण मास’ के अंतिम सोमवार को भुवनेश्वर में लिंगराज मंदिर से अपना दौरा शुरू करेंगे। इसके बाद वह उड़िया बाजार में नेताजी सुभाष चंद्र बोस के जन्म स्थल का दौरा करने के लिए कटक जाएंगे। गृह मंत्री उड़िया बाजार से इंडोर स्टेडियम तक एक रोड शो भी करेंगे। स्टेडियम में वह उड़िया दैनिक अखबार ‘प्रजातंत्र’ के 75वें वर्षगांठ समारोह में हिस्सा लेंगे। इस अखबार की स्थापना पूर्व मुख्यमंत्री हरेकृष्ण महताब ने की थी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नवीन पटनायक भी शामिल होंगे और बीजू जनता दल (बीजद) के कार्यकर्ताओं ने भी उनके भव्य स्वागत की तैयारियां की हैं।
कई कार्यक्रमों में होंगे शामिल
अमित शाह कटक में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मुख्यालय पर पार्टी की प्रदेश इकाई की कोर समिति की बैठक करेंगे। बाद में वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2001 में गुजरात का मुख्यमंत्री बनने से लेकर अगले 20 वर्षों तक के कार्यकाल पर एक किताब ‘मोदीएट20 : ड्रीम्स मीट डिलीवरी’ के ओडिशा संस्करण का विमोचन करेंगे। शाह सोमवार रात ओडिशा से रवाना होंगे।