
श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे शुक्रवार को थाइलैंड से स्वदेश लौट आए। पहले उनके शनिवार सुबह श्रीलंका लौटने की खबर थी। सबसे खराब आर्थिक संकट से गुजर रहे देश में करीब दो महीने पहले अपनी सरकार के विरुद्ध विरोध प्रदर्शन तेज होने के बाद 73 वर्षीय राजपक्षे 13 जुलाई को देश से भाग गए थे।
सिंगापुर एयरलाइंस से की वापसी
आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि गोटाबाया सिंगापुर एयरलाइंस की उड़ान से श्रीलंका वापस लौटे हैं। वापस लौटने के लिए पहले वह थाइलैंड से सिंगापुर गए थे, क्योंकि बैंकाक से कोलंबो के लिए कोई सीधी उड़ान नहीं है। नौ जुलाई को प्रदर्शनकारी कोलंबो स्थित राष्ट्रपति भवन में घुस गए थे। कई अन्य सरकारी भवनों पर भी प्रदर्शनकारियों ने कब्जा कर लिया था। इसके बाद श्रीलंका वायुसेना के विमान से गोटाबाया मालदीव भाग गए थे और वहां से सिंगापुर चले गए। वहीं से 14 जुलाई को उन्होंने इस्तीफा भेजा था उसके बाद वह थाइलैंड चले गए जहां उन्होंने अस्थायी शरण ली थी।
वापसी के थे अनुमान
गोटाबाया राजपक्षे की श्रीलंका वापसी से पहले अनुमान लगाए जा रहे थे कि वो शुक्रवार या शनिवार को वापसी कर सकते हैं। साथ ही थाईलैंड की मीडिया ने भी उनकी वापसी की खबरों की पुष्टि की थी। गोटाबाया जुलाई में देश छोड़कर पहले मालदीव भागे थे इसके बाद वो सिंगापुर गए। सिंगापुर से ही 14 जुलाई को उन्होंने अपना त्यागपत्र भेजा था। 11 अगस्त को वो सिंगापुर से बैंकाक पहुंचे थे।