
त्रिपुरा में रविवार को 55 वर्षीय माकपा समर्थक की हत्या का मामला सामने आया है। हत्या के आरोप में भाजपा पंचायत प्रधान को खोवई जिले से गिरफ्तार कर लिया गया है। माकपा ने आरोप लगाया कि भाजपा पंचायत प्रधान और उनके ड्राइवर ने मिलकर हत्या की है। हार के डर से भाजपा आतंक फैला रही है। वहीं, भाजपा के खोवई जिला अध्यक्ष और विधायक पिनाकी दास चौधरी ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना है, लेकिन यह राजनीति से प्रेरित नहीं थी।
पुलिस के अनुसार, माकपा समर्थक दिलीप शुक्ला दास प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य का लाभ नहीं देने का आरोप लगाते हुए द्वारिकापुर ग्राम पंचायत के प्रधान कृष्ण कमल दास से शनिवार को झगड़ रहे थे। उस समय वे नशे की हालत में थे। मामला बढ़ने पर प्रधान ने उनके सिर पर प्रहार कर दिया, जिससे खून बहने लगा और वे वहीं गिर पड़े। आनन-फानन में उन्हें खोवई जिला अस्पताल ले जाया गया। बाद में उन्हें जीबीपी अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां रविवार को उन्होंने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने कानून, व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने की आशंका जाहिर करते हुए शव को पार्टी मुख्यालय ले जाने से माकपा कार्यकर्ताओं को रोक दिया। विपक्ष के नेता माणिक सरकार और माकपा के राज्य सचिव जितेंद्र चौधरी ने विरोध जताते हुए कहा कि संभव है कि राजनीतिक दबाव की वजह से पुलिस ऐसा कर रही हो। हालांकि, बाद में पार्थिव शरीर को सर्किट हाउस ले जाने की अनुमति दे दी गई।