शहर क्षेत्र में अघोषित बिजली कटौती पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ स्थानीय लोगों ने विद्युत वितरण खंड कार्यालय में विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान लेखाकार के माध्यम से अधिशासी अभियंता को ज्ञापन भी भेजा गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही विद्युत आपूर्ति सुचारू नहीं की गई तो कार्यालय परिसर में धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
मंगलवार को महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राकेश सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ता शैल विहार स्थित विद्युत वितरण खंड कार्यालय पहुंचे। जहां कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र में बिजली कटौती को लेकर नारेबाजी और प्रदर्शन किया। महानगर अध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा कि पिछले कई सप्ताह से ऋषिकेश क्षेत्र में रोजाना 4 से 5 घंटे की कटौती की जा रही है। विभाग की ओर से सुबह 7 बजे ही बिजली सप्लाई बंद कर दी जाती है। करीब आधे घंटे बाद सप्लाई सुचारू होती है, लेकिन कुछ देर बाद फिर बिजली चली जाती है। दिनभर में ऐसा कई बार होता है और आधे-आधे घंटे तक बिजली गुल रहती है।
कार्यकर्ताओं ने बताया कि बिजली न होने से लोगों के रोजाना के जरूरी काम अटक जाते हैं। भीषण गर्मी में पेयजल की भी किल्लत होती है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि शहरी क्षेत्र में 24 घंटे बिजली आपूर्ति की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही विद्युत आपूर्ति निर्बाध सुचारू नहीं गई तो कार्यकर्ता ऊर्जा निगम के कार्यालय में ही धरने पर बैठ जाएंगे। इस मौके पर मदन मोहन शर्मा, हरि सिंह नेगी, विनोद रतूड़ी, पवन शर्मा, अभिनव मलिक, मधु जोशी, उमा ओबराय, अशोक शर्मा आदि मौजूद रहे।