
मणिपुर के कांगपोकपी जिले में उग्रवादियों ने युवक की हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि शुक्रवार-शनिवार मध्यरात्रि के बाद करीब दो बजकर 30 मिनट पर हथियारबंद उग्रवादियों ने जौपी गांव पर हमला कर दिया। इस हमले में 21 वर्षीय युवक खुपमिनथांग की मौत हो गई। गांव के स्वयंसेवक खुपमिनथांग ग्रामीणों द्वारा बनाए गए बंकरों में से एक की रखवाली कर रहे थे।
उग्रवादियों के हमले के बाद गांव की रखवाली कर रहे स्थानीय स्वयंसेवकों ने भी जवाबी फायरिंग की। कुकी आदिवासी बहुल जौपी गांव में कई घंटों तक गोलीबारी हुई। ग्रामीणों ने हमलावरों को खदेड़ दिया। हत्या के विरोध में इंडिजिनस ट्राइबल लीडर्स फोरम (आइटीएलएफ) ने चूड़चंदपुर जिले में बंद का आह्वान किया है। गांव में अतिरिक्त सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है। विष्णुपुर और कांगपोकपी जिलों के आसपास के इलाकों में भी तनाव है। हमलावरों को पकड़ने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
मणिपुर में सुरक्षा बलों ने शनिवार को इंफाल पूर्वी जिले से पांच लूटे गए हथियार बरामद किए। एक अन्य मामले में, मणिपुर पुलिस ने इंफाल पश्चिम जिले से पीआरईपीएके के सक्रिय कैडर को गिरफ्तार किया। वह आम लोगों से जबरन वसूली में शामिल था। विभिन्न जिलों में 138 चेक-पोस्ट स्थापित किए गए हैं। कानूनों के उल्लंघन के लिए 225 लोगों को हिरासत में लिया गया है।