
देवभूमि उत्तराखंड ने इस अक्तूबर में एक दुर्लभ और मनमोहक नजारा देखा है। कई वर्षों बाद चारों धामों — बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री — सहित आसपास के ऊँचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है। बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब, नीती और माणा घाटी में सुबह से लगातार बर्फबारी जारी है, जिससे पूरा क्षेत्र स्वर्गिक आभा से दमक उठा है।
गोपेश्वर, पोखरी, नंदानगर, कर्णप्रयाग, गौचर, गैरसैंण, थराली, देवाल और नारायणबगड़ जैसे क्षेत्रों में लगातार बारिश से तापमान में भारी गिरावट आई है। लोग ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा ले रहे हैं।
ऊंचाई वाले इलाकों में हुई बर्फबारी का असर अब मैदानी हिस्सों में भी महसूस किया जा रहा है। देहरादून, ऋषिकेश और हरिद्वार जैसे स्थानों में बारिश के चलते मौसम में ठंडक बढ़ गई है। कई वर्षों बाद अक्तूबर में आई इस बर्फबारी ने जहां श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आनंदित किया है, वहीं स्थानीय लोग भी इस मौसम के बदलते तेवर को लेकर उत्साहित हैं।