DEHRADUNउत्तराखंड

Dehradun : ट्रेन आने से पहले खुला फाटक, देहरादून में हड़कंप

देहरादून। डोईवाला–हर्रावाला रेलवे सेक्शन के नकरौंदा फाटक पर मंगलवार सुबह एक बड़ी लापरवाही सामने आई, जहां ट्रेन आने से ठीक पहले गेटमैन ने फाटक खोल दिया। अचानक फाटक खुलते ही दोनों ओर खड़े वाहन ट्रैक पार करने लगे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

इसी दौरान दिल्ली से देहरादून आ रही मसूरी एक्सप्रेस फाटक की ओर बढ़ रही थी। लोको पायलट को पहले ही मैन्युअल रूप से ग्रीन सिग्नल मिल चुका था। स्थिति को भांपते हुए लोको पायलट ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए ट्रेन को फाटक से कुछ दूरी पहले रोक दिया। उस समय फाटक के दोनों ओर 100 से अधिक वाहन मौजूद थे, ऐसे में समय रहते ट्रेन रुकने से बड़ा हादसा टल गया।

सूत्रों के अनुसार घटना सुबह करीब 8:45 बजे की है। मसूरी एक्सप्रेस डोईवाला स्टेशन पर दो मिनट रुकने के बाद देहरादून के लिए रवाना हुई थी। ट्रेन को नकरौंदा फाटक से होकर गुजरना था, लेकिन तभी गेटमैन द्वारा अचानक फाटक खोल दिए जाने से स्थिति गंभीर हो गई।

घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए गेटमैन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है और पूरे मामले की जांच के आदेश जारी किए हैं। बताया गया है कि नकरौंदा फाटक पर ऑटोमैटिक सिग्नल सिस्टम नहीं है और यहां मैन्युअल सिग्नल व्यवस्था ही लागू है। ऐसे में यदि लोको पायलट ने समय पर निर्णय न लिया होता, तो कई लोगों की जान जोखिम में पड़ सकती थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *