क्राइमउत्तराखंड

विजिलेंस टीम का छापा: 50 हजार की घूस लेते आंगनबाड़ी सुपरवाइजर रंगे हाथों गिरफ्तार

हरिद्वार में विजिलेंस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आंगनबाड़ी सुपरवाइजर को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया। आरोपी सुपरवाइजर, राखी सैनी, रुड़की क्षेत्र में तैनात थीं और उन्होंने एक आंगनबाड़ी सहायिका के प्रमोशन के बदले यह रकम मांगी थी।

जानकारी के मुताबिक, संबंधित सहायिका का प्रमोशन लंबे समय से लंबित था, जिसे लेकर वह बार-बार सुपरवाइजर से संपर्क कर रही थी। आरोप है कि राखी सैनी लगातार उसे टालती रहीं और आखिरकार प्रमोशन कराने के बदले 50 हजार रुपये की मांग की। सहायिका रिश्वत देने के पक्ष में नहीं थी, इसलिए उसने विजिलेंस विभाग में डायल 1064 पर शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत की जांच के बाद मामला सही पाए जाने पर विजिलेंस ने ट्रैप टीम गठित की। योजना के तहत सहायिका को बुधवार को रोशनाबाद स्थित जिला मुख्यालय बुलाया गया। जैसे ही वह रिश्वत की रकम लेकर पहुंची, पहले से मौजूद विजिलेंस टीम ने कार्रवाई करते हुए राखी सैनी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

इसके बाद विजिलेंस ने आरोपी के घर पर भी छापा मारा, जहां से कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद होने की जानकारी सामने आई है। फिलहाल, मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *