UttarakhandUttarakhandउत्तराखंडदुनियाब्रेकिंग

बदरीनाथ हाईवे पर दर्दनाक हादसा: खाई में गिरी स्कॉर्पियो, शिवपुरी चौकी इंचार्ज विनोद शर्मा का निधन

ऋषिकेश। बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में थाना मुनिकीरेती की शिवपुरी चौकी के प्रभारी विनोद शर्मा का निधन हो गया। उनकी निजी स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, चौकी इंचार्ज विनोद शर्मा सुबह थाना मुनिकीरेती से अपनी चौकी शिवपुरी लौट रहे थे। इसी दौरान शिवपुरी से पहले बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर उनकी स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी।

हादसे को देख राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे तथा रेस्क्यू अभियान चलाकर वाहन तक पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद विनोद शर्मा के शव को खाई से बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए एम्स ऋषिकेश भेज दिया गया।

विनोद शर्मा मूल रूप से रानीपोखरी क्षेत्र के निवासी थे। उन्होंने भारतीय सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद उत्तराखंड पुलिस में सेवा शुरू की थी। अपने अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और सरल स्वभाव के कारण वे पुलिस विभाग और स्थानीय लोगों के बीच काफी लोकप्रिय थे।

उनके आकस्मिक निधन की खबर से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और सहकर्मियों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।

फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *