उत्तराखंडDEHRADUNUttarakhandपॉलिटिक्सब्रेकिंगराज्य

17 जुलाई को देहरादून आएंगे राहुल गांधी, ‘छात्रों की गूंज’ में युवाओं से करेंगे सीधा संवाद

देहरादून। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष Rahul Gandhi 17 जुलाई को देहरादून पहुंचेंगे। यहां वह ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के तहत युवाओं और छात्रों से सीधा संवाद करेंगे। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बेरोजगारी, भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और युवाओं से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर उनकी राय जानना और उनसे चर्चा करना है।

राहुल गांधी के प्रस्तावित दौरे को लेकर कांग्रेस संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को कांग्रेस भवन में महानगर कांग्रेस की बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया गया। बैठक में आयोजन स्थल, युवाओं की भागीदारी और कार्यक्रम की व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने बताया कि युवा-छात्र संवाद का आयोजन परेड ग्राउंड में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र, युवा, शिक्षाविद और समाज के विभिन्न वर्गों के लोग शामिल होंगे।

बैठक में कांग्रेस कार्यसमिति सदस्य गुरदीप सिंह सप्पल, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत, प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना तथा चुनाव प्रचार अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की।

प्रीतम सिंह ने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम उत्तराखंड के युवाओं की आवाज को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यह संवाद कार्यक्रम ऐतिहासिक साबित होगा और युवाओं को अपने मुद्दे सीधे रखने का अवसर मिलेगा।

वहीं, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि राहुल गांधी उत्तराखंड के युवाओं की समस्याओं और सुझावों को सुनने के लिए देहरादून आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से बेरोजगारी, भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर खुलकर चर्चा की जाएगी, ताकि उनकी आवाज प्रभावी ढंग से उठाई जा सके।

कांग्रेस का दावा है कि इस कार्यक्रम में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में छात्र-युवा शामिल होंगे और यह संवाद उत्तराखंड के युवाओं के सामने मौजूद चुनौतियों और उनके समाधान पर केंद्रित रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *