उत्तराखंडपॉलिटिक्स

उत्तराखंड में कांग्रेस का चुनावी बिगुल: राहुल, प्रियंका और खरगे के दौरों से गरमाएगी सियासत

देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। पिछले दो विधानसभा चुनावों में सत्ता से दूर रहने के बाद पार्टी इस बार पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरने की रणनीति पर काम कर रही है। इसी कड़ी में कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के लगातार उत्तराखंड दौरे प्रस्तावित हैं, जिससे प्रदेश की सियासत में नई हलचल देखने को मिल सकती है।

कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 17 जुलाई को देहरादून पहुंचेंगे। इसके बाद कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और अन्य वरिष्ठ केंद्रीय नेताओं के भी उत्तराखंड दौरे प्रस्तावित हैं। इन दौरों का उद्देश्य संगठन को मजबूत करना, कार्यकर्ताओं में जोश भरना और चुनावी अभियान को गति देना है।

18 जुलाई की बैठक में बनेगी रणनीति

प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा की अध्यक्षता में 18 जुलाई को होने वाली अहम बैठक में राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के नेताओं के कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया जाएगा। साथ ही, पार्टी की ‘परिवर्तन संकल्प यात्रा’ को ब्लॉक स्तर तक पहुंचाने की विस्तृत रणनीति भी तैयार की जाएगी, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक कांग्रेस का संदेश पहुंच सके।

सरकार को घेरने की तैयारी

हाल ही में उत्तराखंड दौरे पर आए कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) के.सी. वेणुगोपाल ने पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि वे एकजुट होकर जनता के बीच जाएं और राज्य सरकार की नीतियों एवं कथित विफलताओं को प्रमुखता से उठाएं।

हाईकमान की उत्तराखंड पर खास नजर

प्रदेश में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव को कांग्रेस हाईकमान बेहद महत्वपूर्ण मान रहा है। यही कारण है कि पार्टी का शीर्ष नेतृत्व लगातार उत्तराखंड पर फोकस बनाए हुए है। प्रभारी कुमारी सैलजा की सक्रिय भूमिका और राष्ट्रीय नेताओं के प्रस्तावित दौरे इस बात का संकेत हैं कि कांग्रेस इस बार चुनावी मुकाबले को पूरी मजबूती से लड़ने की तैयारी कर रही है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आने वाले दिनों में राष्ट्रीय नेताओं की रैलियों, जनसभाओं और संगठनात्मक बैठकों के साथ उत्तराखंड की चुनावी सियासत और अधिक गर्माने वाली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *