DEHRADUNउत्तराखंड

डॉक्टर सुसाइड मामला: छात्रा के फोन से खुल सकते हैं बड़े राज, सबूत सुरक्षित रखने की हिदायत

देहरादून के श्री गुरु राम राय मेडिकल कॉलेज (एसजीआरआर) में महिला चिकित्सक डॉ. तन्वी (25) के आत्महत्या मामले ने नया मोड़ ले लिया है। नेत्र रोग विभाग की इस पीजी छात्रा की मौत के बाद परिजनों ने विभाग की एचओडी डॉ. प्रियंका गुप्ता पर मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। इस शिकायत के आधार पर पटेल नगर पुलिस ने आरोपी एचओडी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मामले की जांच अब मृतका के मोबाइल फोन पर केंद्रित हो गई है। पुलिस का मानना है कि फोन में ऐसे अहम सुराग हो सकते हैं, जो पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने ला सकते हैं। इसी वजह से पुलिस ने परिजनों को सख्त हिदायत दी है कि फोन से किसी भी तरह की छेड़छाड़ न करें, क्योंकि इससे सबूत प्रभावित हो सकते हैं।

जानकारी के अनुसार, बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजन बिना पुलिस को सूचित किए शव को लेकर अंबाला के लिए रवाना हो गए। इस दौरान पुलिस मृतका का मोबाइल फोन अपने कब्जे में लेना भूल गई। जब वरिष्ठ अधिकारियों को इस बात का पता चला, तो तुरंत परिजनों से संपर्क किया गया, लेकिन तब तक वे काफी दूर जा चुके थे। अब पुलिस जल्द ही फोन को अपने कब्जे में लेकर जांच आगे बढ़ाने की तैयारी कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *