पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर भीषण दुर्घटना, डबल डेकर बस पलटी—5 लोगों की मौत

पंजाब के लुधियाना से बिहार के दरभंगा जा रही एक डबल डेकर बस सोमवार दोपहर करीब 3:30 बजे पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर हादसे का शिकार हो गई। गोसाईगंज क्षेत्र के खेमा खेड़ा गांव के पास बस तेज रफ्तार में अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। इस दुर्घटना में पांच लोगों की जान चली गई, जबकि 16 यात्री घायल बताए जा रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस की रफ्तार काफी तेज थी और आशंका जताई जा रही है कि चालक को झपकी आने के कारण वाहन नियंत्रण से बाहर हो गया। हादसे के तुरंत बाद राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची गोसाईगंज पुलिस ने एम्बुलेंस की सहायता से सभी घायलों को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को रेफर किया गया। राहत और बचाव कार्य देर शाम तक जारी रहा।
घटना की जानकारी देते हुए पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) निपुण अग्रवाल ने बताया कि इस हादसे में कुल पांच लोगों की मौत हुई है। मृतकों में एक महिला, एक पुरुष और तीन बच्चे शामिल हैं। घायलों को बेहतर इलाज के लिए पीजीआई और केजीएमयू भेजा गया है। पुलिस मृतकों और घायलों की पहचान तथा उनके परिजनों से संपर्क की प्रक्रिया में जुटी हुई है।
