DEHRADUNUttarakhandUttarakhandदुनियाब्रेकिंग

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के देहरादून दौरे से पहले हाई अलर्ट, पुलिस ने जारी किया विस्तृत ट्रैफिक प्लान

देहरादून। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित देहरादून दौरे को लेकर जिला पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए देहरादून पुलिस ने विस्तृत यातायात प्लान जारी किया है, जिसके तहत ऋषिकेश, हरिद्वार और मसूरी से आने-जाने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, ऋषिकेश और भानियावाला की ओर से देहरादून शहर आने वाले वाहनों को रानीपोखरी-भोगपुर से थानो होते हुए छह नंबर पुलिया, सहस्रधारा क्रॉसिंग और सर्वे चौक के रास्ते शहर में प्रवेश कराया जाएगा।

इसी प्रकार ऋषिकेश से मसूरी जाने वाले वाहनों को रानीपोखरी-भोगपुर, थानो, छह नंबर पुलिया, सहस्रधारा क्रॉसिंग और आईटी पार्क होते हुए साईं मंदिर मार्ग से मसूरी भेजा जाएगा।

हरिद्वार से देहरादून आने वाले वाहनों को भानियावाला फ्लाईओवर सर्विस लेन, डोईवाला चौक और दूधली मार्ग से कारगी चौक होते हुए शहर में प्रवेश दिया जाएगा। वहीं हरिद्वार से मसूरी जाने वाले वाहनों को डोईवाला, दूधली मार्ग, कारगी चौक, आईएसबीटी, शिमला बाईपास, जीएमएस रोड, कैंट और अनारवाला होते हुए मसूरी की ओर भेजा जाएगा।

आशारोड़ी और प्रेमनगर क्षेत्र से मसूरी जाने वाले वाहनों को भी आईएसबीटी, शिमला बाईपास, जीएमएस रोड, बल्लूपुर चौक, कैंट और अनारवाला मार्ग से होकर गुजरना होगा।

देहरादून शहर से हरिद्वार और ऋषिकेश जाने वाले वाहनों को कारगी चौक, दूधली मार्ग, डोईवाला चौक, भानियावाला सर्विस लेन, लालतप्पड़ और नेपाली फार्म तिराहे के रास्ते भेजा जाएगा। वहीं मसूरी से हरिद्वार और ऋषिकेश की ओर जाने वाले वाहनों को कुठाल गेट, ओल्ड मसूरी रोड, साईं मंदिर, काठ बंगला पुल, किरशाली चौक, आईटी पार्क, सहस्रधारा क्रॉसिंग और थानो रोड से होकर अपने गंतव्य तक पहुंचाया जाएगा।

इन स्थानों पर रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन

• भोगपुर तिराहा (रानीपोखरी)
• कारगी चौक
• सहस्रधारा क्रॉसिंग
• भानियावाला फ्लाईओवर
• शिमला बाईपास चौक
• साईं मंदिर, राजपुर रोड
• डोईवाला थाना क्षेत्र
• दूधली रोड

सघन चेकिंग अभियान जारी

राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए पूरे जनपद में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। एसएसपी देहरादून प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर संवेदनशील क्षेत्रों, अंतरजनपदीय एवं अंतरराज्यीय चेकपोस्टों सहित प्रमुख मार्गों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

बाहरी राज्यों से आने वाले वाहनों की गहन जांच की जा रही है। वाहनों के दस्तावेज, यात्रियों की पहचान और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। देर रात तक बिना कारण घूमने वाले व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है तथा आवश्यक होने पर उन्हें सत्यापन के लिए संबंधित थानों में लाया जा रहा है।

पुलिस ने होटल, धर्मशाला, गेस्ट हाउस और किरायेदारों के सत्यापन अभियान को भी तेज कर दिया है। बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और प्रमुख संस्थानों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।

दून पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *