सरस्वती ताल और केदार ताल का होगा वैज्ञानिक सर्वेक्षण, संभावित आपदा जोखिम का चलेगा पता; देहरादून से रवाना हुआ विशेषज्ञ दल

देहरादून। उत्तराखंड में ग्लेशियर झीलों से संभावित आपदा के खतरे का आकलन करने के लिए वैज्ञानिक सर्वेक्षण अभियान तेज कर दिया गया है। इसी कड़ी में चमोली जिले के सरस्वती ताल और उत्तरकाशी के केदार ताल का बाथीमेट्री सर्वेक्षण करने के लिए आठ संस्थानों के विशेषज्ञों का दल मंगलवार को देहरादून से रवाना हुआ।
विशेषज्ञ दल दोनों ग्लेशियर झीलों की स्थिति, जलस्तर, गहराई, संरचना और संभावित जोखिमों का वैज्ञानिक अध्ययन करेगा। इसके साथ ही किसी संभावित आपदा की स्थिति में झीलों से निकलने वाले पानी का डाउनस्ट्रीम क्षेत्रों पर पड़ने वाले प्रभाव का भी आकलन किया जाएगा। सर्वेक्षण के बाद इन दोनों संवेदनशील ग्लेशियर झीलों की वास्तविक स्थिति और संभावित खतरे की अधिक स्पष्ट तस्वीर सामने आने की उम्मीद है।
#मुख्यमंत्री के निर्देश पर हो रहा व्यापक वैज्ञानिक अध्ययन
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में उत्तराखंड की संवेदनशील ग्लेशियर झीलों का व्यापक वैज्ञानिक अध्ययन कराया जा रहा है। इसी क्रम में उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएमए) मुख्यालय से सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने विशेषज्ञ दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
उन्होंने बताया कि सरस्वती ताल करीब 5,700 मीटर और केदार ताल करीब 4,750 मीटर की ऊंचाई पर स्थित हैं। अत्यधिक ऊंचाई और दुर्गम परिस्थितियों में किया जाने वाला यह सर्वेक्षण संभावित आपदा जोखिम को समझने और उसके न्यूनीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
#क्या है बाथीमेट्री सर्वेक्षण?
बाथीमेट्री सर्वेक्षण के माध्यम से झील के पानी के नीचे की गहराई, तल की संरचना और जलमग्न क्षेत्र का वैज्ञानिक अध्ययन किया जाता है। इससे विशेषज्ञों को झील की मौजूदा स्थिति को बेहतर तरीके से समझने में मदद मिलेगी।
सर्वेक्षण के दौरान प्राप्त आंकड़ों के आधार पर यह आकलन करने में मदद मिलेगी कि ग्लेशियर झील से जुड़ी संभावित आपदा की स्थिति में आसपास और नीचे की ओर बसे क्षेत्रों पर कितना प्रभाव पड़ सकता है।
#आठ संस्थानों के विशेषज्ञ कर रहे सर्वेक्षण
इस अभियान में यूएसडीएमए, उत्तराखंड भूस्खलन न्यूनीकरण एवं प्रबंधन केंद्र (यूएलएमएमसी), बाबा साहेब पुराविज्ञान संस्थान लखनऊ, वाडिया हिमालय भूविज्ञान संस्थान, राष्ट्रीय जल विज्ञान संस्थान रुड़की, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और नेहरू पर्वतारोहण संस्थान के विशेषज्ञ शामिल हैं।
विशेषज्ञ दल में रोहित कुमार, निखिल पुनिया, डॉ. विशाल, दीपक भट्ट, डॉ. शेख नवाज अली, शुभजीत घोष, प्रकाश रंजन जेना, डॉ. पिंकी बिष्ट, स्वप्निल बिष्ट, शिव्यांक सिंह नेगी, शिव शंकर यादव, डॉ. शिवानंद मंडराहा, नितेश खेतवाल, संदीप सिंह, सचिन कुमार, मनीष कुमार, महेंद्र, मनोज सिंह, शार्दुल गुसाईं और इंजीनियर नरेंद्र सिंह रावत शामिल हैं।
#आपदा जोखिम कम करने में मिलेगी मदद
सरस्वती ताल और केदार ताल जैसे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में स्थित ग्लेशियर झीलों की वैज्ञानिक निगरानी आपदा प्रबंधन की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। सर्वेक्षण से मिलने वाले आंकड़ों के आधार पर जोखिम वाले क्षेत्रों की पहचान, निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने और भविष्य की आपदा प्रबंधन रणनीति तैयार करने में मदद मिल सकती है।
यह अभियान उत्तराखंड में ग्लेशियर झीलों से जुड़े संभावित खतरों को समय रहते समझने और डाउनस्ट्रीम क्षेत्रों की सुरक्षा के लिए वैज्ञानिक आधार तैयार करने की दिशा में अहम कदम है।
