
राजस्थान के जोधपुर में हिंसा के बाद हालात तनावपूर्ण हैं। आज रात 12 बजे तक शहर में कर्फ्यू लगा हुआ। इंटरनेट सेवा भी बंद है। जिला प्रशासन हालात सामान्य करने के प्रयास कर रहा है। इसी बीच महाराजा मारवाड़ जोधपुर गजसिंह ने लोगों से शांति और भाईचारा बनाए रखने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि जालोरी गेट चौराहे पर जो अप्रिय घटना हुई है, उससे मुझे बहुत ठेस पहुंची है। हमारे शहर के भाई-चारे पर यह एक काला धब्बा लग गया है। जोधपुर मारवाड़ अपनी अपणायत, प्रेम और भाईचारे के लिए दुनिया भर में जाना जाता रहा है। सभी एक-दूसरे के सुख-दुख में काम आते रहे हैं। मेरे दादोसा महाराजा उम्मेद सिंह ने हमेशा कहा कि हिंदू और मुस्लिम मेरी दोनों आंखें हैं। देश विभाजन के समय मेरी पिताजी महाराज हनवंत सिंह ने भी धर्म के नाम पर हमें अलग- अलग नहीं बंटने दिया। पहले भी कई त्योहार और उत्सव एक दिन पर आते रहे हैं, जिसे सभी ने मिल-जुलकर मनाया है।
उन्होंने कहा- मैं और मेरा परिवार आप सभी के साथ हमेशा रहे हैं और रहेंगे। समाज के लोग आपस में मिलकर इस मामले को सुलझाएं। एकता और भाईचारे की मिसाल को कायम रखें। किसी के बहकावें नहीं आएं, जिसका अफसोस हमें जिंदगी भर करना पड़े। आखातीज, ईद और परशुराम जंयती के त्योहार को आपस में मिलकर मनाना चाहिए। अपणायत की मिशाल फिर कायम करनी चाहिए।