
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सोमवार को अतिक्रमण विरोधी अभियान पर आम आदमी पार्टी के विधायकों के साथ बैठक करेंगे। इस दौरान शाहीन बाग, मदनपुर खादर, न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी, मंगोलपुरी, करोल बाग, ख्याला और लोधी कॉलोनी समेत दिल्ली के कई और इलाकों में तीनों स्थानीय निकायों की तरफ से चलाए जा रहे अभियान के खिलाफ रणनीति तय की जाएगी। अधिकारियों के मुताबिक बैठक सिविल लाइंस स्थित मुख्यमंत्री आवास पर सुबह 11 बजे शुरू होगी।
पिछले कुछ दिनों से भाजपा शासित निगमों की तरफ से दिल्ली के अलग अलग क्षेत्रों में कार्रवाई की जा रही है। आम आदमी पार्टी और कांग्रेस इसका विरोध कर रही है, लेकिन अभियान जारी है। विधायकों के साथ होने वाली इस बैठक में अलग अलग क्षेत्रों में चल रही कार्रवाई पर मौजूदा हालात से निपटने के लिए तमाम पहलुओं पर मंथन किया जाएगा।
बैठक में आम आदमी पार्टी के सभी विधायकों के विचार हासिल करने के बाद इस दिशा में अंतिम निर्णय लिया जाएगा। भाजपा शासित निगमों के विध्वंस अभियान का मुकाबला करने पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। पहले यह बैठक शनिवार को होनी थी, लेकिन मुंडका की एक इमारत में भीषण आग लगने के बाद स्थगित कर दी गई। इस हादसे में कम से कम 27 से लोगों की मौत हो गई थी।
शुक्रवार को उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर अतिक्रमण विरोधी अभियान के नाम पर ‘विनाश’ को रोकने का आग्रह किया था।उपमुख्यमंत्री ने भाजपा की बुलडोजर राजनीति की आलोचना करते हुए दावा किया कि नगर निकायों की ओर से 63 लाख घरों को तोड़ने की योजना तैयार की जा रही है।