देश के कई हिस्सों में भारी बारिश और बाढ़ का प्रकोप लगातार जारी ,महाराष्ट्र में बारिश का कहर जारी, 11 जिलोंं में रेड अलर्ट, गुजरात में भी हाहाकार

महाराष्ट्र में बारिश और बाढ़ का कहर जारी है। कई जगह भूस्खलन की घटना भी सामने आई है। मौसम विभाग ने मुंबई और पुणे समते महाराष्ट्र के 11 जिलों में 14 जुलाई के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने महाराष्ट्र के मुंबई, रत्नागिरि, कोल्हापुर, रायगढ़, अमरावति, सतारा, सिंधुदुर्ग और ठाणे में रेड अलर्ट जारी किया है। नासिक और पुणे में भी भारी वर्षा हो सकती है। 

पालघर में भारी बारिश के कारण मकान पर चट्टान गिरने से पिता-पुत्री की मौत हो गई। उधर, गढ़चिरौली जिले में 19 गांवों के करीब 2000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है। जिले में बुधवार सुबह 8:30 बजे तक पिछले 24 घंटे के अंदर 97 मिली मीटर से ज्यादा बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। राज्य में गोदावरी, कालेश्वरम और इंद्रावती सहित कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। मुंबई-अहमदाबाद के व्यस्त राजमार्ग पर कई पेड़ गिर गए हैं, जहां पाइपलाइन का काम चल रहा था।

पालघर के वासी में लगातार हो रही बारिश के कारण सुबह 6:30 बजे पहाड़ी से एक चट्टान के मकान पर गिरने से पिता और पुत्री की मौत हो गई, वहीं परिवार के दो अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हैं। आपदा प्रबंधन विभाग के प्रमुख विवेकानंद कदम ने बताया कि 45 वर्षीय अनिल सिंह और उनकी बेटी रोशनी सिंह (16) की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी वंदना सिंह और 12 वर्ष का बेटा मलबे में फंस गए थे। उन्हें स्थानीय लोगों और दमकल कर्मियों की मदद से निकाल कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों ने बताया कि पुणे-सतारा मार्ग पर कटराज सुरंग के पास भी भूस्खलन के कारण काफी परेशानी हुई। दोपहर को एक बड़ी चट्टान गिरने से सड़क जाम हो गई। पुणे में भारी बारिश जारी है।

300 परिवार चार दिन से नहीं बना पाए खाना
राज्य के हिंगोली जिले के कुरुंडा गांव में बाढ़ का भयावह दृश्य है। बाढ़ में करीब 300 परिवारों के राशन और अन्य सामान बह गए। इन परिवारों ने चार दिन से खाना भी नहीं बनाया है। स्थानीय राजस्व अधिकारी ने बताया कि बाढ़ का पानी निकल गया है, लेकिन बारिश लगातार जारी है। यहां 150 मकान ढह गए। प्रभावित प्रत्येक परिवारों को 5000-5000 रुपये दिए जाएंगे। गांव में एनजीओ की ओर से लोगों को राशन बांटे जा रहे हैं। 

नागपुर में बांध के पास कई गांवों के लिए अलर्ट
अधिकारियों ने बताया कि नागपुर जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण कई बांधों के पास कई गांवों के लिए अलर्ट जारी किया गया है। उन्होंने बताया कि जलस्तर बढ़ने के कारण पानी छोड़ा जाना है, जिससे गांवों का खतरा हो सकता है। कलक्टर आर विमला ने कहा कि नवेगांवखैरी, नंद और वीणा डैम के फाटक खोल दिए गए हैं। इससे सओनर, परसेओनी, रामटेक, उमरेड और भीवापुर तहशील में खतरा है।

मुंबई के निचले इलाकोें में पानी भरा
मुंबई और आसपास के इलाकों में बुधवार सुबह से रुक रुक कर हो रही बारिश के कारण निचले इलाकों पानी भर गया। पूरे शहर में सड़कों पर भीषण जाम के कारण जनजीवन प्रभावित रहा। मुंबई की जीवन रेखा कही जाने वाली लोकल ट्रे के अप्रभावित रहने से लोगों को थोड़ी राहत है। हार्बर लाइन पर ट्रेनों की रफ्तार धीमी रही।

पानी में फंसी बस से 35 यात्रियों को सुरक्षित निकाला
महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में लबालब भरे एक नाले के पुल पर फंसी बस से पुलिस ने 35 यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया। बस के पानी में फंसने से यात्रियों की सांसें अटक गईं। यह घटना सुबह में उस वक्त हुई जब एक बस मध्य प्रदेश से हैदराबाद जा रही थी। बस चंद्रपुर जिला मुख्यालय से 28 किमी दूर चिंचोली नाला पर बाढ़ में डूबे पुल से गुजर रही थी कि बीच पुल पर वह फंस गई। दरअसल भारी बारिश के कारण लबालब भरे इराई बांध से पानी छोड़ने के लिए सात फाटक खोले गए थे। उस पानी से नाला भर गया था।

नासिक में छह लोग बहे, एक का शव मिला
नासिक। जिले में पिछले 24 घंटे के दौरान भारी बारिश में अलग-अलग स्थानों पर छह लोग बह गए। अधिकारियों ने बताया कि उनमें से छह वर्षीय एक बच्ची का शव मिल गया है। बच्ची अपने चाचा के साथ डिंडोरी तालुका की अलांदी नदी पार कर रही थी। तेज बहाव में चाचा तो तैरकर पार हो गया, लेकिन बच्ची बह गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home1/theindi2/public_html/wp-includes/functions.php on line 5471