
रूस-यूक्रेन जंग के बीच उत्तर कोरिया ने डोनबास को अलग देश की मान्यता देने की बात कही है। इस घोषणा के बाद यूक्रेन ने उत्तर कोरिया से सभी डिप्लोमैटिक रिलेशन खत्म करने का ऐलान किया है। उत्तर कोरिया से पहले डोनबास को रूस और सीरिया ने अलग देश के रूप में मान्यता दे रखी है।
कीव इंडिपेंडेंट के मुताबिक जपोरिजिया प्रांत में रूस ने 2 रॉकेट दागे हैं। रॉकेट हमले में 23 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। रूसी हमले के बाद इमरजेंसी विभाग इलाके में रेसेक्यू अभियान चला रही है। मंगलवार को डोनेट्स्क में रूसी हमले से 37 आम नागरिकों की मौत हो गई थी।
सिक्योरिटी के बिना ब्लैक सी से गेहूं सप्लाई नहीं- यूक्रेन
तुर्की में ब्लैक सी से गेंहू ट्रांसपोर्ट को लेकर यूक्रेन और रूस के प्रतिनिधियों के बीच बैठक हुई। बैठक के बाद यूक्रेन के विदेश मंत्री ने कहा कि सुरक्षा सबसे अहम मुद्दा है। जब तक गेंहू ले जाने के लिए प्राप्त सिक्योरिटी नहीं मिलेगी, तब तक यहां से गेहूं जाना मुश्किल है। बता दें, यूक्रेन के पोर्ट पर हजारों टन गेहूं ट्रांसपोर्ट के लिए रखा हुआ है।
मिडिल ईस्ट दौरे पर बाइडेन, इजरायल-सऊदी से यूक्रेन को उम्मीद
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन मिडिल ईस्ट देशों के दौरे पर निकले हैं। इस दौरान वे इजरायल, सऊदी अरब भी जाएंगे। बाइडेन का दौरा पुतिन के इरान दौरे से एक हफ्ता पहले हो रहा है। वैसे तो इस दौरे को इरान पर न्यूक्लियर वार्ता से जोड़कर देखा जा रहा है।
लेकिन जंग में फंसे यूक्रेन को उम्मीद है कि बाइडेन के इस दौरे के बाद सऊदी अरब और इजरायल रूस पर दबाव बनाएगा। दोनों देशों ने जंग में अब तक खुलकर किसी का सपोर्ट नहीं किया है।