
पाकिस्तान में बाढ़ से हुई भीषण तबाही के लिए न सिर्फ पीएम शहबाह शरीफ पूरी दुनिया से मदद मांग रहे हैं बल्कि यूएन ने भी दुनिया के देशों से पीडि़तों के लिए मदद करने की अपील की है। संयुक्त राष्ट्र महासभा के 77वें सत्र में हिस्सा लेने के लिए पीएम शहबाज शरीफ इन दिनों न्यूयार्क में हैं। यहां पर ही उन्होंने यूएन चीफ से मुलाकात की है। इसको लेकर पीएमएल-एन ने एक ट्वीट भी किया है। पीएम शहबाज शरीफ आज शुक्रवार 23 सितंबर 2022 को असेंबली को संबोधित करने वाले हैं। आज उनका जन्मदिन भी है।
पीएम शहबाज का यूएनजीए में पहला संबोधन
इस संबोधन में शहबाज देश में आई बाढ़ के लिए विश्व से मदद की खुली अपील भी कर सकते हैं। बता दें कि शहबाज शरीफ का ये यूएन जनरल असेंबली में पहला संबोधन होगा। उनके इस भाषण पर भारत की भी निगाह लगी हुई है। यहां पर ये भी बताना जरूरी है कि देश में उठ रही मांग के बाद भी शहबाज शरीफ ने भारत से औपचारिक मदद मांगने से किनारा किया हुआ है।
बाढ़ से पाकिस्तान को 30 अरब डालर का नुकसान
इस भीषण बाढ़ से पाकिस्तान को 30 अरब डालर का नुकसान होने का आकलन लगाया गया है। इसके अलावा बाढ़ से अब तक 1500 लोगों की जान जा चुकी है। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गेटेरेस लगातार पाकिस्तान के लिए मदद करने की अपील कर रहे हैं। इसके लिए उन्होंने पीएम शहबाज शरीफ को एक सलाह भी दी है। अपनी सलाह में उन्होंने कहा है कि शहबाज शरीफ न्यूयार्क में या फिर यूरोप के किसी भी देश में मददमांगने के लिए एक डोनर कांफ्रेंस आयोजित करें। इसमें वो पाकिस्तान के हालातों की जानकारी दें। उन्होंने उम्मीद जताई है कि इससे पाकिस्तान को पीडि़तों के लिए मदद जरूर मिल जाएगी।