
अमृतसर में शनिवार को भारतीय क्षेत्र मुल्लाकोट में पाकिस्तान की ओर से घुसा ड्रोन गांव बच्चीविंड के गेहूं के खेत में एक बैग गिरा कर लौट गया। हालांकि बार्डर सिक्यूरिटी फोर्स के जवानों ने ड्रोन पर फायरिंग कर उसे मार गिराने की कोशिश की। बीएसएफ की तरफ से शुरु किए सर्च अभियान के दौरान एक बड़ा बैग मिला, जिसके अंदर 3 किलो 200 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
बीएसएफ प्रवक्ता के मुताबिक अमृतसर सेक्टर हेडक्वार्टर के तहत जवान 15 अगस्त की सुबह करीब 3 बज कर 21 मिनट पर सीमांत इलाका में गश्त कर रहे थे। इस दौरान बार्डर आब्जर्विंग पोस्ट (बीओपी) मुल्लाकोट इलाका में जवानों ने पाकिस्तान की तरफ से घुसे एक ड्रोन की आवाज सुनी। जवानों ने तुरंत ड्रोन पर फायरिंग कर दी। बीएसएफ जवानों ने इस बीच ही गांव बच्चीविंड के एक खेत में कुछ चीज गिरने की आवाज सुनी। जिसके बाद पूरे इलाके को घेर लिया और वहां सर्च अभियान शुरु कर दिया .