
पूर्व पीएम इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआइ) पर सरकार शिकंजा कसती जा रही है। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री व पीटीआइ के अध्यक्ष चौधरी परवेज इलाही को भी गुरुवार को लाहौर में उनके घर के बाहर से गिरफ्तार कर लिया गया।
जियो न्यूज के अनुसार, नौ मई को पीटीआइ चेयरमैन इमरान खान की गिरफ्तारी के बाद देशभर में हुए हिंसक आंदोलन व सैन्य प्रतिष्ठानों पर हमले के बाद हिरासत में लिए जाने वाले नेताओं में इलाही प्रमुख हैं। उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री रहने के दौरान असेंबली को भंग कर दिया था। इसके बाद वह पीएमएल-क्यू पार्टी छोड़कर 2023 में पीटीआइ में शामिल हो गए थे। इमरान ने उन्हें पीटीआइ का प्रेसीडेंट बना दिया।
नौ मई की हिंसा में था विदेशी ताकतों का हाथ- मियां जावेद
वहीं, सत्तारूढ़ पीएमएल-एन के नेता मियां जावेद लतीफ ने दावा किया है कि पाकिस्तान की सरकारी एजेंसियों के पास पुख्ता साक्ष्य है कि नौ मई की हिंसक घटनाओं में विदेशी ताकतों का हाथ है। उधर, एएनआइ के अनुसार, पाकिस्तान के वित्त मंत्री इशाक डार ने बुधवार को फिर कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान से बातचीत सिर्फ एक ही शर्त पर हो सकती है कि वे नौ मई की घटना के लिए देश से माफी मांगें।