
सिकल सेल रोग जो कि खून संबंधी एक अनुवांशिक बीमारी है, अब इसके उन्मूलन को लेकर विशेष अभियान चलाने की तैयारी है। इसकी शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 जून को मध्य प्रदेश के शहडोल जिले से करेंगे। इसके बाद बनारस समेत प्रदेश के 16 चिन्हित जिलों में इस अभियान को चलाया जाएगा। ये जिले जनजातीय बाहुल हैं।
ब्लॉकवार चलने वाले इस अभियान में लोगों को बीमारी के कारण व बचाव के उपाय भी बताए जाएंगे। साथ ही जरूरी जांच और इलाज भी किया जाएगा। सीएमओ डॉ. संदीप कुमार चौधरी ने बताया कि 27 जून को दोपहर तीन बजे से 4.30 बजे तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसका शुभारंभ करेंगे। इसका प्रसारण जिले में अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों सहित अन्य जगहों पर किया जाएगा।
इसके लिए ब्लॉक भी चिह्नित किया गया है। चिकित्साधिकारी डॉ. अतुल सिंह ने कहा कि सिकल सेल ऐसी बीमारी है, जिसमें लाल रक्त कोशिकाएं (आरबीसी) टेढ़ी हो जाती हैं। शरीर में रक्त प्रवाह के दौरान ये टूटने लगती हैं, जिससे खून की कमी हो जाती है।