
सामिया लेक सिटी में प्लाॅट और विला देने के नाम पर ठगी के आरोपी को जमानत मिलने के बाद पुलिस ने उसे दूसरे केस में गिरफ्तार कर लिया। अदालत में पेश करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है।
लालकुआं निवासी एक परिवार के चार लोगों ने मार्च में सामिया लेक सिटी के मालिक जमील खान और निदेशक सगीर अहमद खान पर धोखाधड़ी के केस दर्ज कराए थे। उनका कहना था कि प्लॉट खरीदने के लिए उन्होंने वर्ष 2011-12 में अड़तालीस लाख से अधिक रुपये दिए थे। इसके बावजूद संपत्ति पर कब्जा नहीं दिया गया। तब पुलिस ने सगीर अहमद को गिरफ्तार किया था। सगीर से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने 15 अप्रैल को कंपनी के मार्केटिंग मैनेजर रहे तस्लीम अहमद को भी गिरफ्तार किया था।
तीन महीने जेल में रहने के बाद अदालत से जमानत मिलने पर तस्लीम बृहस्पतिवार को जेल से घर आया था। कोतवाल विक्रम राठौर ने बताया कि तस्लीम धोखाधड़ी के पांच मामलों में नामजद आरोपी है। इसलिए उसे बृहस्पतिवार रात बिगवाड़ा क्षेत्र से गिरफ्तार कर अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया। सामिया कंपनी पर धोखाधड़ी के 14 केस दर्ज हो चुके हैं। इसके बावजूद कंपनी के मालिक जमील की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।