
प्रवर्तन निदेशालय ने दिल्ली वक्फ बोर्ड के लिए कर्मचारियों की भर्ती में अनियमितताओं से जुड़े मामले में आप विधायक अमानतुल्ला खान के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग जांच के तहत जीशान हैदर, दाऊद नासिर और जावेद इमाम सिद्दीकी को गिरफ्तार किया। ईडी का दावा है कि तीनों खान के सहयोगी थे और उनके बीच संदिग्ध नकद लेनदेन हुआ था।
ईडी ने पिछले महीने 49 वर्षीय विधायक के परिसरों पर छापा मारा था जो दिल्ली विधानसभा में ओखला निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। सूत्रों ने बताया कि धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। ईडी ने आरोप लगाया था कि खान ने दिल्ली वक्फ बोर्ड में कर्मचारियों की अवैध भर्ती से रिश्वत के तौर पर बड़ी आपराधिक आय अर्जित की और इसे अपने सहयोगियों के नाम पर अचल संपत्ति खरीदने के लिए निवेश किया।
ईडी ने दिल्ली वक्फ बोर्ड में कर्मचारियों की अवैध भर्ती और 2018-2022 के दौरान अमानतुल्ला खान की ओर से बोर्ड की अध्यक्षता के दौरान वक्फ बोर्ड की संपत्तियों को गलत तरीके से पट्टे पर देकर अवैध व्यक्तिगत लाभ से जुड़े मामले में छापे मारे थे। आप विधायक के खिलाफ सीबीआई की एफआईआर और दिल्ली पुलिस की तीन शिकायतों के आधार पर ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंंग जांच शुरू की है।