
बेंगलुरु एक बार फिर खौफ और सनसनी से दहल उठा है। कुछ महीने पहले कन्नड़ सुपरस्टार दर्शन ठाकुर और उनकी कथित गर्लफ्रेंड पवित्रा गौड़ा के नाम से चर्चित रेणुकास्वामी मर्डर केस ने जिस तरह पूरे देश को चौंकाया था, अब उसी हत्याकांड की तर्ज पर एक और खौफनाक वारदात अंजाम दी गई है। इस बार शिकार बना है एक युवक कुशाल, जिसे 7 से 8 लोगों ने मिलकर किडनैप किया और बेरहमी से पीट-पीटकर अधमरा कर दिया।
▪️ रेणुकास्वामी केस की हूबहू कॉपी
कर्नाटक पुलिस के अनुसार, आरोपी रेणुकास्वामी हत्याकांड से इतने प्रभावित थे कि उन्होंने उसी तरह की योजना बना कर इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि कुशाल को बाकायदा एक कार में जबरन उठाकर ले जाया गया और फिर उसे सूनसान स्थान पर ले जाकर इतनी बेरहमी से पीटा गया कि उसके प्राइवेट पार्ट तक को नहीं बख्शा गया।कुशाल के ऊपर लात-घूंसे और अन्य तरीकों से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हमला पूर्व नियोजित और क्रूरता की सारी हदें पार करता हुआ था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और बाकी की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
▪️ क्या था कुशाल का अपराध?
पुलिस अभी तक इस बात की तह तक नहीं पहुंच पाई है कि आखिर कुशाल को टारगेट क्यों किया गया। शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि मामला प्रेम प्रसंग और निजी रंजिश से जुड़ा हो सकता है। यह भी आशंका जताई जा रही है कि कुशाल किसी लड़की से जुड़ा मामला या पर्सनल दुश्मनी का शिकार बना। हालांकि पुलिस ने कहा है कि जांच अभी जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जा रही है।
▪️ जब दर्शन केस बना था मिसाल… अपराध के लिए!
यह ताजा वारदात इसलिए और ज्यादा चौंकाने वाली है क्योंकि इसमें प्रत्यक्ष रूप से रेणुकास्वामी मर्डर केस की नकल की गई है।
गौरतलब है कि 2024 में कन्नड़ सुपरस्टार दर्शन ठाकुर ने अपने फैन रेणुकास्वामी को सिर्फ इसलिए मौत के घाट उतरवा दिया था क्योंकि उसने दर्शन की गर्लफ्रेंड मानी जा रही पवित्रा गौड़ा को अश्लील मैसेज भेजे थे और दर्शन से दूरी बनाए रखने की धमकी दी थी। इसके बाद दर्शन ने अपने कुछ साथियों के जरिए रेणुकास्वामी का अपहरण करवाया और फिर उसकी बुरी तरह पिटाई कर उसकी जान ले ली।
इस मामले में दर्शन, पवित्रा समेत 15 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था और 11 जून 2024 को पुलिस ने दर्शन को गिरफ्तार किया था। इस केस ने देशभर में सेलिब्रिटी पावर और कानून व्यवस्था पर कई सवाल खड़े किए थे।
▪️ क्या फिल्मी अपराध अब असली जिंदगी में?
अब सवाल उठता है कि क्या बड़े मामलों की मीडिया कवरेज, उनके वायरल वीडियोज़ और सोशल मीडिया पर चर्चाएं आम युवाओं के लिए हिंसा का नया प्रेरणास्रोत बन रही हैं? बेंगलुरु की इस घटना ने यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि अपराध अब सिर्फ भावनाओं या बदले की आग में नहीं, बल्कि ‘प्रेरणा’ में भी जन्म लेने लगे हैं।
▪️ पुलिस का ऐक्शन, पर बड़ा सवाल कायम
बेंगलुरु पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर तेज़ी से कार्रवाई शुरू कर दी है। लेकिन बड़ा सवाल यह है कि क्या रेणुकास्वामी केस जैसी वारदातें समाज को हिंसा की ओर उकसा रही हैं? और क्या फिल्मी दुनिया और अपराध की यह खतरनाक मिलावट अब आम लोगों के व्यवहार को भी प्रभावित कर रही है?