EXCLUSIVE:- दीपावली के बाद देहरादून नगर निगम बना ‘भूत बंगला’ — कुर्सियां खाली, फाइलें ठंडी, कामकाज ठप!-EDITOR :-DEV GOSWAMI

दीपावली के बाद देहरादून नगर निगम में ‘छुट्टी जैसा’ माहौल, अधिकांश कर्मचारी नदारद — कामकाज ठप

देहरादून। दीपावली की चमक-दमक के बाद मंगलवार को देहरादून नगर निगम में सन्नाटा छाया रहा। निगम कार्यालय में कर्मचारियों की भारी अनुपस्थिति के कारण अधिकांश अनुभागों में कामकाज ठप पड़ गया। विशेषकर आउटसोर्स स्टाफ के नदारद रहने से नगर निगम का दफ्तर ‘छुट्टी जैसा’ नजर आया। सुबह से दोपहर तक कई विभागों में कुर्सियां खाली रहीं और फाइलें जस की तस पड़ी रहीं।

कर और भूमि अनुभाग में पड़ी रही सूनी कुर्सियाँ

नगर निगम के कर अनुभाग में केवल गिने-चुने कर्मचारी पहुंचे। आउटसोर्स कर्मचारियों की अनुपस्थिति के चलते टैक्स जमा कराने आए नागरिकों को बैरंग लौटना पड़ा। वहीं भूमि अनुभाग में भी स्थिति लगभग वैसी ही रही। स्टाफ के अभाव में फाइलों का निस्तारण नहीं हो सका। हालांकि, सहायक नगर आयुक्त एवं भूमि अनुभाग प्रभारी राजेश नैथानी, टैक्स अधीक्षक राहुल कैंथोला, भूमि अधीक्षक धर्मेश पैन्यूली और पूनम रावत अपने-अपने कक्षों में मौजूद रहे और उपलब्ध स्टाफ के साथ कार्य निपटाने की कोशिश करते रहे।

महापौर और नगर आयुक्त ने संभाली कमान

जब अधिकांश कर्मचारी नदारद रहे, तब महापौर और नगर आयुक्त ने खुद मोर्चा संभाला। नगर आयुक्त नमामी बंसल दोपहर में कार्यालय पहुंचीं और विभिन्न अनुभागों का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। वहीं, महापौर ने भी अपने कार्यालय में बैठकर जरूरी फाइलों का निस्तारण किया।

आमजन को उठानी पड़ी परेशानी

कर्मचारियों की अनुपस्थिति से आम नागरिकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। टैक्स जमा कराने, भूमि संबंधी कार्य या अन्य जरूरी दस्तावेजों के लिए पहुंचे लोगों को खाली हाथ लौटना पड़ा। कर्मचारियों की भारी कमी के कारण नगर निगम में पूरे दिन कामकाज सुस्त रहा।

दीपावली बाद भी ‘त्योहारी हैंगओवर’

निगम परिसर में सन्नाटा, बंद कमरे और खाली कुर्सियां इस बात का सबूत थीं कि दीपावली की छुट्टियां खत्म होने के बाद भी कई कर्मचारी अब तक ‘त्योहारी हैंगओवर’ में हैं। शहरवासियों ने कहा कि प्रशासन को इस तरह की स्थिति पर सख्त निगरानी रखनी चाहिए, ताकि आम जनता के कार्य प्रभावित न हों।

#देहरादून_नगर_निगम, #दीपावली_के_बाद_सन्नाटा, #कर्मचारी_अनुपस्थित, #कामकाज_प्रभावित, #महापौर, #नगर_आयुक्त, #Exclusive_Report_

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home1/theindi2/public_html/wp-includes/functions.php on line 5471